(अपडेट) बांग्लादेश में नए सांसदों का शपथ ग्रहण मंगलवार को, नई सरकार भी ले सकती है शपथ

14 Feb 2026 22:14:53

ढाका, 14 फरवरी (हि.स.)। बांग्लादेश में नव-निर्वाचित सांसदों का शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को आयोजित होगा। संसद सचिवालय की सचिव कनिज मौल ने शनिवार को इसकी पुष्टि की। अधिकारियों के अनुसार, उसी दिन नई सरकार के शपथ लेने की भी संभावना है।

हालिया संसदीय चुनावों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) को स्पष्ट बहुमत मिला है और वह करीब दो दशकों बाद सत्ता में वापसी की तैयारी में है। पार्टी का नेतृत्व तारिक रहमान ने किया, जो 17 साल के स्व-निर्वासन के बाद ब्रिटेन से सक्रिय राजनीति में लौटे। यह चुनाव खास रहा क्योंकि इसमें अवामी लीग ने हिस्सा नहीं लिया।

299 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान हुआ, जिनमें से 297 सीटों के नतीजे घोषित किए जा चुके हैं। बीएनपी ने 209 सीटें जीतकर दबदबा बनाया, जबकि जमात-ए-इस्लामी बांग्लादेश को 68 सीटें मिलीं और वह प्रमुख विपक्षी पार्टी के रूप में उभरी है। चुनाव आयोग के सचिव अख्तर अहमद ने निर्वाचित सांसदों की आधिकारिक गजट अधिसूचना जारी कर दी है।

शपथ दिलाने की प्रक्रिया को लेकर कुछ संवैधानिक सवाल बने हुए हैं। निवर्तमान स्पीकर शिरीन शरमीन चौधरी सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आ रही हैं, जबकि पूर्व डिप्टी स्पीकर शमसुल हक तुकु न्यायिक हिरासत में हैं। ऐसे में प्रक्रिया कौन पूरी कराएगा, इस पर चर्चा जारी है।

कैबिनेट सचिव शेख अब्दुर राशिद ने स्पष्ट किया कि संविधान के अनुसार मंत्रिपरिषद को शपथ राष्ट्रपति दिलाते हैं। वहीं स्पीकर या डिप्टी स्पीकर की अनुपस्थिति में मुख्य न्यायाधीश या मुख्य चुनाव आयुक्त सांसदों को शपथ दिला सकते हैं।

उन्होंने बताया कि गजट जारी होने के बाद सांसदों को तीन दिनों के भीतर शपथ लेना अनिवार्य है और यह समयसीमा 17 फरवरी तक पूरी होगी। शपथ के बाद दल अपने संसदीय नेता चुनेंगे और बहुमत दल का नेता राष्ट्रपति को बहुमत का समर्थन होने की सूचना देगा, जिसके बाद सरकार गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0