दिल्ली यातायात पुलिस ने एआई इम्पैक्ट समिट के मद्देनजर जारी की सलाह, 16 से 20 फरवरी तक कई सड़कों पर रहेगा नियंत्रण

युगवार्ता    15-Feb-2026
Total Views |

नई दिल्ली, 15 फ़रवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 16 से 20 फरवरी तक आयोजित होने वाले एआई इम्पैक्ट समिट-2026 के मद्देनजर दिल्ली यातायात (ट्रैफक) पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार समिट का आयोजन भारत मंडपम, प्रगति मैदान में होगा। कार्यक्रम में कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष , सरकार प्रमुख, मंत्रीगण, प्रतिनिधि और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख शामिल होंगे। इसे देखते हुए नई दिल्ली जिला और उससे सटे क्षेत्रों में व्यापक यातायात नियंत्रण लागू किया जाएगा। पुलिस के अनुसार इसका उद्देश्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ आम जनता की आवाजाही को भी यथासंभव सुगम बनाए रखना है। आवश्यक सेवाओं और मेडिकल इमरजेंसी वाहनों को हर समय प्राथमिकता दी जाएगी।

इन सड़कों पर रहेगा नियंत्रण

16 से 20 फरवरी के बीच निम्न प्रमुख मार्गों से बचने की सलाह दी गई है— मथुरा रोड (सुब्रमण्यम भारती मार्ग टी-पॉइंट से लोधी रोड फ्लाईओवर तक), सुब्रमण्यम भारती मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, तीस जनवरी मार्ग, अकबर रोड, तीन मूर्ति मार्ग, मदर टेरेसा क्रेसेंट, सरदार पटेल मार्ग, जनपथ, फिरोज शाह रोड, शांति पथ, सत्य मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू (भीकाजी कामा से यशवंत प्लेस तक), कमाल अतातुर्क मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, सी-हेक्सागन, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, सिकंदर रोड, अशोका रोड, पृथ्वीराज रोड, कौटिल्य मार्ग, पुराना किला रोड, शेरशाह सूरी मार्ग, तिलक मार्ग, भगवान दास रोड, सेंट्रल स्पाइन रोड, नॉर्थ एक्सेस रोड, रिंग रोड (ब्रार स्क्वायर से एम्स तक), कैरिअप्पा मार्ग (किरबी प्लेस तक), लोधी रोड, नीलागुंबद, कर्तव्य पथ, रफी मार्ग, कनॉट प्लेस आउटर सर्किल, संसद मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, औरोबिंदो मार्ग (एम्स यू-टर्न से आगे), तुगलक रोड, सफदरजंग रोड, पंचकुइयां रोड (मंदिर मार्ग टी-पॉइंट से कनॉट प्लेस तक), उलान बतोर मार्ग, द्वारका लिंक रोड, एएफएस पालम रोड, थिमैया रोड, परेड रोड, एनएच-48 (रंगपुरी से धौला कुआं), राव तुला राम मार्ग, पंचशील मार्ग, सैन मार्टिन मार्ग, न्याय मार्ग, ब्रिगेडियर होशियार मार्ग आदि।

प्रतिबंधित क्षेत्र

भैरों मार्ग (रिंग रोड टी-पॉइंट को छोड़कर) तथा मथुरा रोड (सुब्रमण्यम भारती मार्ग टी-पॉइंट से डॉ. डीएनडी दलमिया चौक तक) पर रूट मूवमेंट के दौरान सामान्य वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

बाहरी वाहनों के लिए व्यवस्था

गैर-गंतव्य वाहनों को अनिवार्य रूप से ईस्टर्न व वेस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे सहित वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया जाएगा। ऐसे वाहनों को दिल्ली में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

रेलवे स्टेशनों के लिए सुझाए गए मार्ग

-नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के लिए आईएसबीटी कश्मीरी गेट–बुलेवार्ड रोड–रानी झांसी मार्ग–डीबीजी रोड, आश्रम चौक–रिंग रोड–राजघाट–जेएलएन मार्ग, वंदे मातरम मार्ग–डॉ. अंबेडकर मार्ग–पंचकुइयां रोड–कनॉट प्लेस आउटर सर्किल मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

-पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के लिए आईएसबीटी–रिंग रोड–हनुमान मंदिर–एसपी मुखर्जी मार्ग तथा आश्रम–रिंग रोड–राजघाट–हनुमान मंदिर–एसपी मुखर्जी मार्ग विकल्प रहेंगे।

-हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के लिए एम्स–रिंग रोड–आश्रम–मथुरा रोड तथा आईएसबीटी–रिंग रोड–राजघाट–आश्रम–मथुरा रोड मार्ग सुझाया गया है।

एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों के लिए सलाह

यात्रियों को मेट्रो सेवा का अधिकतम उपयोग करने की सलाह दी गई है। सड़क मार्ग से जाने वालों के लिए गुरुग्राम, द्वारका, पश्चिम, उत्तर व पूर्वी दिल्ली से अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। एनएच-48, यूईआर-2 (नया संचालित टनल), राव गजराज सिंह मार्ग, राव तुला राम मार्ग, पंखा रोड और सेक्टर-22 द्वारका रोड प्रमुख विकल्प रहेंगे।

बस, मेट्रो और टैक्सी व्यवस्था

वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान बसों को आवश्यकता अनुसार डायवर्ट किया जाएगा। मेट्रो सेवा सभी स्टेशनों पर सामान्य रूप से उपलब्ध रहेगी। ऑटो और टैक्सी को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करने की अनुमति होगी।

बोर्ड परीक्षा वाले स्कूलों के लिए विशेष प्रबंध

17 फरवरी से शुरू हो रही बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर 10 स्कूल ऐसे चिह्नित किए गए हैं जो वीवीआईपी रूट पर स्थित हैं। इनमें अटल आदर्श सीनियर सेकेंडरी विद्यालय, नवयुग सीनियर सेकेंडरी स्कूल, केंद्रीय विद्यालय नंबर-2 और गुरु हरिकिशन पब्लिक स्कूल सहित अन्य विद्यालय शामिल हैं। इन स्कूलों के लिए ट्रैफिक पुलिस ने नोडल अधिकारी तैनात किए हैं और वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं, जिनकी जानकारी शिक्षा विभाग और स्कूल प्रबंधन को दे दी गई है।

आम जनता के लिए निर्देश

-वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें।

-अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें।

-एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों के लिए पर्याप्त समय लेकर निकलें।

-किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

-ट्रैफिक से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए नागरिक दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपडेट लेते रहें। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें, यातायात नियमों का पालन करें और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों का सहयोग करें, ताकि राजधानी में समिट के दौरान सुचारु यातायात व्यवस्था बनी रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Tags