
- टेकऑफ के बाद पीछे की तरफ गया, कुछ देर हवा में रुकने के बाद उड़ान भरी
भोपाल, 15 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खंडवा में मुख्यमंत्री मोहन यादव के हेलिकॉप्टर का उड़ान भरने के बाद हवा में लड़खड़ाने का मामला सामने आया है। रविवार को इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ यादव शनिवार को खंडवा जिले के पंधाना में राज्यस्तरीय लाडली बहना योजना के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब उनका हेलिकॉप्टर टेकऑफ के लिए हवा में उठा, तो वह आगे बढ़ने की बजाय पीछे की ओर जाने लगा। फिर कुछ पलों के लिए हवा में थम गया। पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत स्थिति को नियंत्रित किया और हेलिकॉप्टर ने सुरक्षित उड़ान भरी। इसके बाद मुख्यमंत्री खंडवा से भोपाल पहुंचे।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि उड़ान भरने के दौरान अचानक हेलीकॉप्टर आगे जाने के बजाय पीछे और नीचे की ओर झुकने लगा। यह सीन देखकर वहां मौजूद लोग और सुरक्षाकर्मी घबरा गए, लेकिन पायलट ने सूझबूझ से हेलीकॉप्टर को संभाल लिया। आखिरकार हेलीकॉप्टर सुरक्षित रूप से हवा में संतुलित कर जब आगे अपने सफर के लिए रवाना हुआ तो लोगों ने राहत की सांस ली।
खंडवा के पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय ने घटना को लेकर कहा कि तकनीकी रूप से कुछ भी ऐसा नहीं था कि उड़ान में कोई दिक्कत आई हो। हमने तुरंत संबंधित अधिकारियों से चर्चा की थी। उन्होंने बताया कि यह सामान्य बात है। टेक ऑफ के समय हेलिकॉप्टर अलग दिशा में था जबकि उसे दूसरी दिशा में जाना था। वह हवा में उठकर निर्धारित दिशा में जाने के लिए घूमने लगा। इसी बीच ज्यादा धूल उड़ने लगी गई। धूल और ज्यादा न उड़े इसलिए पायलट ने हेलिकॉप्टर की रफ्तार धीमी कर दी। फिर कुछ सेकेंड में ही हेलिकॉप्टर को थोड़ा नीचे लाकर स्टेट किया। इसके बाद हेलिकॉप्टर भोपाल के लिए रवाना हो गया।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर