
कोयंबटूर (तमिलनाडु), 15 फरवरी (हि.स.)। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज शाम महाशिवरात्रि समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेने के लिए कोयंबटूर स्थित ईशा योग केंद्र पहुंचे। उनके आगमन पर ईशा फाउंडेशन के संस्थापक और आध्यात्मिक गुरु साधगुरु जग्गी वासुदेव ने उनका स्वागत किया।
रक्षा मंत्री ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ केंद्र में पूजा-अर्चना की, जिसके बाद उत्सव की औपचारिक शुरुआत हुई।
कोयंबटूर स्थित ईशा योग केंद्र में आयोजित इस भव्य महाशिवरात्रि समारोह में अन्य प्रमुख हस्तियों के भी शामिल होने की उम्मीद है। इनमें केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री एल. मुरुगन, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तथा पर्यटन और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी शामिल हैं। इसके अलावा देशभर से कई गणमान्य व्यक्ति, आध्यात्मिक नेता और कलाकार भी इस भव्य आयोजन का हिस्सा बन रहे हैं।
इस वर्ष महाशिवरात्रि का विषय “गंगा” रखा गया है, जिसमें पवित्र नदी के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और पारिस्थितिक महत्व पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पूरी रात चलने वाले इस कार्यक्रम में सद्गुरु द्वारा निर्देशित ध्यान सत्र, संगीत और नृत्य प्रस्तुतियां तथा देश के प्रमुख कलाकारों के लाइव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मंच पर प्रस्तुति देने वाले प्रसिद्ध कलाकारों में आदित्य गढ़वी और प्रशांत सोनागरा शामिल हैं। ‘साउंड्स ऑफ ईशा’ (SOI) के सहयोग से स्वरूप खान, ब्लेज़, हरीश सागणे और ढोल ताशा की प्रस्तुतियां होंगी। स्वागत राठौड़, पृथ्वी गांधर्व, ऐश्वर्या निगम और दीपाली सहाय भी विशेष संगीत प्रस्तुतियों के साथ भाग लेंगे।
सदगुरु भक्तों के लिए योगेश्वर लिंग महाअभिषेक करेंगे, जिससे वे योगेश्वर लिंग के साथ अपनी आध्यात्मिक जुड़ाव को और गहरा कर सकें। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस निःशुल्क आयोजन के लिए विश्वभर से लाखों लोगों ने पंजीकरण कराया है।
इस समारोह का वैश्विक स्तर पर लाइव प्रसारण किया जाएगा, जिसमें सांकेतिक भाषा की सुविधा भी उपलब्ध होगी, ताकि श्रवण बाधित समुदाय भी इसका लाभ उठा सके।
लाइवस्ट्रीम कल सुबह 6 बजे तक जारी रहेगी और इसे 23 भारतीय एवं अंतरराष्ट्रीय भाषाओं में प्रसारित किया जाएगा, जिससे विश्वभर के लोग इस आध्यात्मिक महत्त्व की रात्रि में सहभागी बन सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV