स्मृति मंधाना समेत कई सितारों को बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ द ईयर 2025 में सम्मान

16 Feb 2026 23:24:53
स्मृति मंधाना समेत कई सितारों को बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ द ईयर 2025 में सम्मान


भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना को मिला 2025 का बीसीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ द ईयर अवॉर्ड


नई दिल्ली, 16 फरवरी (हि.स.)। बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ द ईयर अवार्ड्स 2025 के छठे संस्करण में भारतीय महिला खिलाड़ियों की उपलब्धियों का जश्न मनाया गया, जहां क्रिकेट, शतरंज, निशानेबाजी, पैरा-एथलेटिक्स और कबड्डी जैसे खेलों की शीर्ष प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना को इस साल का मुख्य इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ द ईयर अवॉर्ड मिला। उनका चयन एक ग्रैंड जूरी ने किया, जिसमें लिएंडर पेस, अंजू बॉबी जॉर्ज और दीपा मलिक शामिल थे। मंधाना ने अवॉर्ड स्वीकार करते हुए महिला क्रिकेट के लिए वर्ष 2025 को खास बताया और विश्व कप जीत में योगदान पर खुशी जताई।

उभरती शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख को एफआईडीई महिला विश्व कप जीत के लिए इमर्जिंग प्लेयर सम्मान मिला। वहीं पैरा एथलीट प्रीति पाल को पेरिस पैरालिम्पिक्स 2024 में दो कांस्य पदक जीतने पर पैरा स्पोर्ट्सवुमन ऑफ द ईयर चुना गया। दिग्गज निशानेबाज अंजलि भागवत को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड दिया गया।

जोनाथन मुनरो ने विजेताओं की सराहना करते हुए कहा कि बीबीसी न्यूज और बीबीसी वर्ल्ड सर्विस भारतीय महिला खिलाड़ियों की प्रेरक कहानियों को वैश्विक मंच तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

स्टार परफॉर्मर्स श्रेणी में भारतीय महिला क्रिकेट टीम, एकता भ्याण, दीप्ति जीवनजी, भारतीय महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम और भारतीय महिला राष्ट्रीय कबड्डी टीम को सम्मान मिला।

चेंजमेकर्स श्रेणी में भारतीय महिला राष्ट्रीय आइस हॉकी टीम, राजबीर कौर, सविता पुनिया और जमीनी स्तर पर खेल को बढ़ावा देने वाली पानी देवी को सराहा गया।

इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ द ईयर अवार्ड्स की प्रोडक्शन साझेदार संस्था की एडिटर-इन-चीफ रूपा झा ने कहा कि खेल की असली ताकत अवसर पैदा करने और बाधाएं तोड़ने में है, और यह मंच उन महिलाओं का उत्सव है जिन्होंने अपनी मेहनत से नई राह बनाई।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0