
नई दिल्ली, 16 फ़रवरी (हि.स.)। देश में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में गेमिंग और संवादात्मक तकनीक श्रेणी में पांच भारतीय स्टार्टअप्स एआई आधारित नवाचार पेश करेंगे। इन स्टार्टअप्स कंपनियों में यसग्नोम, मेटास्पोर्ट्स , कोयोजो, यूथ बज (ऑरकैडियम) और एवीव्वे को शामिल किया गया है।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने सोमवार को एक बयान में बताया कि ये कंपनियां एआई की मदद से गेमिंग को और मजेदार, आसान और शानदार बनाने वाले नए आइडिया पेश करेंगी। इनमें गेम बनाने का एआई टूल, लाइव क्रिकेट गेम में एआई कमेंट्री, मोबाइल फोन को हाई-लेवल गेमिंग कंसोल में बदलने वाला सिस्टम, इंसान बनाम एआई वाला इंटरैक्टिव गेम और कंपनियों की एआई अपनाने की तैयारियों को जांचने वाला टूल शामिल है।
यसग्नोम अपना 'स्केटली एआई' प्लेटफॉर्म दिखाएगा। ये गेम स्टूडियो के लिए आर्ट और एसेट्स (जैसे कैरेक्टर, बैकग्राउंड, एनिमेशन) बहुत तेजी से और एक ही स्टाइल में बनाने में मदद करता है। स्टूडियो अपनी पसंद का स्टाइल सेट कर सकते हैं, जिससे बड़े प्रोजेक्ट में सब कुछ मैच करता रहे। इससे इंडी डेवलपर्स से लेकर बड़े स्टूडियो तक का काम आसान हो जाता है।
मेटास्पोर्ट्स अपना 'हिटविकेट' दिखाएगा दुनिया भर में 1.8 करोड़ से ज्यादा यूजर्स वाला क्रिकेट गेम है। मेटा स्पोर्ट इसमें अपना जेनरेटिव एआई कमेंट्री इंजन दिखाएगा, जो लाइव मैच देखकर रीयल-टाइम में कमेंट्री बनाता है और उसे आवाज में भी बोलता है। इससे हर मैच की कहानी अलग और मजेदार लगती है, जैसे असली ब्रॉडकास्ट हो।
कोयोजो कंपनी मोबाइल को कंसोल जैसा गेमिंग डिवाइस बनाने वाला इकोसिस्टम ला रहा है। इसका 'कोयोजो वन' हैंडहेल्ड डिवाइस में हॉल-इफेक्ट जॉयस्टिक, हैप्टिक फीडबैक, पास-थ्रू चार्जिंग जैसे फीचर्स हैं। साथ में 'कोयोजो क्लब' ऐप है, जो बटन मैपिंग, गेम सुझाव और परफॉर्मेंस ट्रैकिंग करता है। इससे मोबाइल गेमिंग ज्यादा प्रोफेशनल और मजेदार हो जाता है।
यूथ बज (ऑरकैडियम) 'मैन वर्सेस जीपीटी' नाम का लाइव इंटरैक्टिव गेम शोकेस करेगा। इसमें लोग एआई के खिलाफ खेलते हैं, जो हर राउंड में सीखता और मुश्किल होता जाता है। यह दिखाता है कि इंसानी क्रिएटिविटी और एआई कैसे एक-दूसरे से मुकाबला करते हैं। आसान और मजेदार तरीके से एआई के कॉन्सेप्ट समझाता है।
एविव्वे एंटरप्राइज के लिए 'कॉग्निटिव एआई रेडीनेस टूल' पेश करेगा। ये न्यूरोसाइंस पर आधारित है और चेक करता है कि कोई कंपनी या लीडर एआई को कितना अच्छे से अपना सकता है। सिर्फ टेक्निकल नहीं, बल्कि सोचने-समझने और फैसला लेने के तरीके से। समिट में लाइव डेमो होगा, जहां लोग सिमुलेशन करके अपनी तैयारियां जांच सकेंगे।
समिट में 'द न्यू गोल्ड रश: इन्वेस्टिंग इन इंडियाज़ एआई-पावर्ड गेमिंग फ्यूचर' नाम का पैनल भी होगा, जहां गेम डेवलपर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ग्लोबल इन्वेस्टर्स को भारत के गेमिंग फ्यूचर में निवेश के मौके बताएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर