एनएचएआई ने 6,220 करोड़ रुपये में दो राजमार्ग निजी निवेश के लिए खोले

16 Feb 2026 19:48:53
एनएचएआई


नई दिल्ली, 16 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने दो राष्ट्रीय राजमार्गों को निजी निवेश के लिए खोलने के लिए नेशनल हाईवेज इंफ्रा ट्रस्ट (एनएचआईटी) का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया है। यह सौदा 6,220.90 करोड़ रुपये का है।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अनुसार, इन राजमार्गों में महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश के कुल 310.35 किलोमीटर लंबे दो राजमार्ग खंड शामिल हैं। महाराष्ट्र में अमरावती–चिखली–तारसोड (एनएच-53) 255.97 किलोमीटर और आंध्र प्रदेश में गुंडुगोलानु–चिन्ना–अवुतापल्ली (एनएच-16) 54.38 किलोमीटर का हिस्सा शामिल है।

एनएचएआई अध्यक्ष संतोष कुमार यादव ने कहा कि इस तरह के निवेश मॉडल से देशभर में राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास के लिए पूंजी जुटाने में मदद मिल रही है। इस सौदे के बाद एनएचआईटी के जरिए अब तक कुल 49,858 करोड़ रुपये के राजमार्ग निजी निवेश के लिए खोले जा चुके हैं।

एनएचआईटी, जो एनएचएआई द्वारा शुरू किया गया है, अब तक चार बार पूंजी जुटा चुका है। इसमें सीपीपीआईबी, ओटीपीपी, ईपीएफओ, एनएचएआई और एसबीआई समूह जैसे बड़े निवेशक जुड़े हैं। इसके 700 से ज्यादा निवेशक हैं और वर्तमान में एनएचआईटी का बाजार मूल्य लगभग 28,000 करोड़ रुपये है। इसके शेयर एनएसई और बीएसई दोनों पर सूचीबद्ध हैं।

एनएचएआई ने मौजूदा राजमार्गों से धन जुटाने की इस नीति को अपनाया है ताकि नए राजमार्ग बनाने में निवेश किया जा सके। चालू वित्त वर्ष में अब तक लगभग 28,077 करोड़ रुपये के राजमार्ग निजी निवेश के लिए खोले जा चुके हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0