सुपर-8 की रेस में बड़ा उलटफेर, ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हरा श्रीलंका ने शान से मारी एंट्री

युगवार्ता    16-Feb-2026
Total Views |
सुपर-8 की रेस में बड़ा उलटफेर, ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हरा श्रीलंका ने शान से मारी एंट्री


पल्लेकेले (श्रीलंका), 16 फरवरी (हि.स.)। आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में सुपर-8 की दौड़ रोमांचक हो गई है। करो या मरो के मुकाबले में श्रीलंका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हराकर टूर्नामेंट के अगले दौर में प्रवेश कर लिया है। इस नतीजे से ग्रुप की अंकतालिका में बड़ा बदलाव आया है और अन्य टीमों की दावेदारी पर भी असर पड़ा है।

पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में टॉस हारकर ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 181 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया को मिचेल मार्श और ट्रेविस हेड ने दमदार शुरुआत दिलाई। मार्श और हेड ने दोनों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ा और पहले विकेट के लिए 104 रनों की साझेदारी की।

हेड 29 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्कों के साथ 56 रन बनाकर आउट हुए। हेड के आउट होने के बाद ऑस्ट्रेलिया की पारी लड़खड़ा गई। अगले ही ओवर में कैमरून ग्रीन सिर्फ 3 रन बनाकर पवेलियन लौट गए और फिर मार्श भी 27 गेंदों पर 8 चौके और 2 छक्कों के साथ 54 रन बनाकर आउट हो गए।

इसके बाद विकेटों की झड़ी लग गई। टिम डेविड (6), ग्लेन मैक्सवेल (22), जोश इंग्लिश (27) और कूपर कॉनॉली (3) सस्ते में आउट हो गए। इतना ही नहीं, आखिरी ओवर में मार्कस स्टोइनिस (4), जेवियर बार्टलेट (0) और एडम जैम्पा (1) तीनों पवेलियन लौट गए और ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 20 ओवर में 181 रन पर सिमट गई।

श्रीलंका की ओर से दुशन हेमंथा ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए। उनके अलावा, दुश्मंथा चमीरा ने 2 विकेट झटके, जबकि महेश थीक्षाना, दुनिथ वेल्लागे और कामिंदु मेंडिस ने 1-1 विकेट लिया।

182 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की शुरुआत धीमी रही। वहीं, टीम को दूसरे ओवर में ही झटका लगा और कुसल परेरा सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि इसके बाद पथुम निशंका ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने आक्रामक और संयमित बल्लेबाजी का शानदार मिश्रण दिखाते हुए नाबाद शतक जड़ा और मैच एकतरफा कर दिया। उनके साथ कुसल मेंडिस ने भी उपयोगी अर्धशतकीय पारी खेलकर जीत की राह आसान बनाई।

निसांका ने 52 गेंदों पर 100 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें उन्होंने 10 चौके और 5 छक्के जड़े। जबकि कुसल मेंडिस ने 38 गेंदों में 6 चौके और एक छक्के की मदद से 51 रन बनाए। निशंका के शतक के दम पर श्रीलंका ने 18 ओवर में ही 184 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।

इस जीत से टीम का नेट रन रेट बेहतर हुआ और सुपर-8 में जगह बनाने की संभावना प्रबल हुई है, जबकि ऑस्ट्रेलिया के लिए आगे की राह अब चुनौतीपूर्ण हो गई है। टूर्नामेंट के अगले मुकाबले तय करेंगे कि कौन सी टीमें अंतिम चरण में प्रवेश करती हैं।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags