पीठ की लंबी चोट से जूझ रहीं इंग्लैंड की पेसर ताश फैरेंट ने 29 की उम्र में क्रिकेट को कहा अलविदा

युगवार्ता    16-Feb-2026
Total Views |
पीठ की लंबी चोट से जूझ रहीं इंग्लैंड की पेसर ताश फैरेंट ने 29 की उम्र में क्रिकेट को कहा अलविदा


नई दिल्ली, 16 फरवरी (हि.स.)। इंग्लैंड की बाएं हाथ की तेज गेंदबाज ताश फैरेंट ने बार-बार उभरने वाली पीठ की चोट से पूरी तरह उबर न पाने के कारण 29 वर्ष की उम्र में पेशेवर क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। पिछले चार वर्षों से यह चोट उनके करियर पर असर डाल रही थी, जिसके चलते उन्हें लंबे समय तक मैदान से बाहर भी रहना पड़ा।

फैरेंट घरेलू क्रिकेट में सरे काउंटी क्रिकेट क्लब और ओवल इंविंसिबल के लिए खेलती रही हैं। कम उम्र में ही उन्होंने पहचान बनाई और 2013–14 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर एशेज जीतने वाली महिला इंग्लैंड क्रिकेट टीम की सबसे युवा सदस्यों में शामिल रहीं।

घरेलू सर्किट में उन्होंने साउदर्न वाइपर्स के साथ दो बार खिताब जीते। 2021 में द हंड्रेड के पहले सीजन में वह 18 विकेट लेकर शीर्ष विकेट-टेकर रहीं और टीम को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। हाल के समय में उन्होंने साउथ ईस्ट स्टार्स को चार्लोट एडवर्ड कप के फाइनल में पहुंचाने के मदद की और महिला वाइटेलिटी ब्लास्ट में भी खिताबी अभियान का हिस्सा रहीं।

संन्यास की घोषणा करते हुए फैरेंट ने कहा कि निरंतर चोट, मानसिक और शारीरिक दबाव के बीच वह अपने तय मानकों के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पा रही थीं, इसलिए यह कठिन फैसला लेना पड़ा। उन्होंने भविष्य में प्रसारण और मीडिया के जरिए खेल से जुड़े रहने की इच्छा जताई।

सरे की महिला क्रिकेट निदेशक एम्मा कॉलवर्ट ने फैरेंट की सराहना करते हुए कहा कि कम उम्र में उभरने के बाद उन्होंने कई चुनौतियों का डटकर सामना किया और महिला क्रिकेट के पेशेवर दौर में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

फैरेंट अपने पीछे शुरुआती प्रतिभा, घरेलू सफलताओं और विपरीत परिस्थितियों में जुझारूपन की मजबूत विरासत छोड़कर जा रही हैं।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags