सपा की अराजकता व अव्यवस्था को खत्म कर भाजपा ने उपद्रव प्रदेश को उत्सव प्रदेश में बदला: मुख्यमंत्री योगी

16 Feb 2026 19:03:53
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ


-विधान परिषद में बजट सत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथने गिनाई उपलब्धियां-समाजवादी पार्टी पर किए चुन चुन कर प्रहार, कहा-ये अराजकता की पक्षधर है

लखनऊ, 16 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साेमवार काे उत्तर प्रदेश विधान परिषद में बजट सत्र में राज्यपाल के अभिभाषण पर पेश धन्यवाद पर चर्चा करते हुए समाजवादी पार्टी पर जमकर प्रहार किए। उन्होंने सपा को संवैधानिक मूल्यों, भारतीय संस्कृति और आस्था का अपमान करने वाली सिर्फ अपने परिवार को विकास करने वाली पार्टी करार दिया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के पहले पैदा की गई अराजकता व अव्यवस्था को खत्म कर भाजपा ने उत्तर प्रदेश को उपद्रव प्रदेश काे उत्सव प्रदेश में बदल दिया और अब यहां विकास की त्रिवेणी हैं।

विधान परिषद में मुख्यमंत्री योगी ने विधानमंडल के बजट सत्र में राज्यपाल के अभिभाषण का विरोध करने पर मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी को जमकर खरी खोटी सुनाई। उन्होंने कहा कि राज्यपाल प्रदेश की संवैधानिक प्रमुख हैं और उनका अभिभाषण प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं का दस्तावेज होता है, लेकिन सपा ने जिस तरह का आचरण किया वह न केवल संवैधानिक प्रमुख बल्कि नारी शक्ति का अपमान है और यह अवमानना के दायरे में आता है। मुख्यमंत्री ने सपा सदस्यों को सीख देते हुए कहा कि वे ऐसा आचरण न करें जिससे भावी पीढ़ी गलत दिशा में अग्रसर हो। हालांकि सपा ​से प्रदेश की विकास और संवैधानिक मूल्यों की अपेक्षा करना भी बेवकूफी होगी क्योंकि विपक्ष का दृ​ष्टिकोण हमेशा से नकारात्मक ही रहता है।

पौने साल में उपद्रव से उत्सव की यात्रा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनके साढे़ आठ साल की सरकार में उत्तर प्रदेश ने कई उपलब्धियां हासिल की हैं। इनमें अपराध से कानून की ओर कदम बढ़ाया है, उपद्रव से उत्सव प्रदेश बना है। समस्या से समाधान और अविश्वास से विश्वास की यात्रा है और यह यात्रा इसलिए कि प्रदेश की 25 करोड़ जनता को उसका हक मिलना था, लेकिन संकुचित एजेंडे वाली सरकारों ने प्रदेश की जनता से खिलवाड़ किया और जब डबल इंजन की सरकार बनी तो प्रशासनिक प्रतिबद्धता से प्रदेश के विकास की रफ्तार तेज हुई ओर आज हम कह सकते हैं कि उत्तर प्रदेश के राजस्व सरप्लस राज्य बन चुका है।

आक्रांताओं का महिमा मंडन करने वालों को नया उप्र स्वीकार नहीं करेगा

सदन में वंदेमातरम गायन की अनिवार्यता किए जाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग आक्रांताओं का महिमा मंडन करते हैं, लेकिन अब यह सब नया उत्तर प्रदेश सहन नहीं करेगा। राष्ट्रीय प्रतीकों का अपमान किसी राष्ट्रद्रोह से कम नहीं है। कुछ लोग वंदेमातरम, तिरंगा का अपमान करते हैं। योगी ने कहा कांग्रेस और समाजवादी पार्टी से पूछना चाहता हूं कि राष्ट्रगीत का क्यों विरोध करवा रहे हैं। सपा के लाेग गाजी का समर्थन करते हैं, लेकिन हमारी सरकार ने गाजी को हराने वाले हिंदू राजा महाराज सुहेलदेव की चित्ताैड़ा बहराइच में प्रतिमा लगाई और आजमगढ़ में राजा सुहेल देव विश्वविद्यालय की स्थापना की है।

फार्म-7 के नाम पर फर्जी बातें कर रही सपा

मुख्यमंत्री योगी ने एसआईआर की चर्चा करते हुए कहा कि आज प्रदेश में बेहतर एयर कनेक्टिवटी है। प्रदेश में 16 डोमेस्टिक एयरपोर्ट, 4 इंटरनेशनल एयरपोर्ट हैं। पांचवा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर में बनकर तैयार है। इसी महीने हम कोशिश करेंगे कि वह शुरू हो जाये। प्रदेश में शिक्षा की बेहतर व्यवस्था है। टाटा टेक्नालॉजी के साथ मिलकर आईटीआई पर काम हुआ है। जब टीम वर्क होता है, तब परिणाम आता है। आज अपराधी भयभीत हैं, किसान खुशहाल है, हर गांव में बिजली है। उत्तर प्रदेश राम राज्य की ओर आगे बढ़ा है।

संवैधानिक संस्थाओं का अपमान कर रही समाजवादी पार्टी

मुख्यमंत्री योगी ने सदन में कहा कि समाजवादी पार्टी तो बजट के बारे में अच्छा नहीं बोल पाई क्योंकि उनके पास कुछ अच्छा है नहीं; सपा जातीय संघर्षों को बढ़ावा देती है। आपस में लड़ाती है। आस्था को अपमानित करती है। संवैधानिक मूल्यों पर भी प्रहार करने वाली पार्टी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एसआईआर भारत निर्वाचन आयोग करवा रहा है। इसमें सरकारों का रोल नहीं होता है। इस अभियान में उत्तर प्रदेश में 2 करोड़ 88 लाख लोग या तो मृत पाए गए, या शिफ्टिंग किए गए। सपा इन्हें फर्जी वोट बनाकर मतदान कराती थी। तभी फार्म-7 के नाम पर फर्जी बातें करती है। इनके कार्यकर्ता बीएलओ के साथ मारपीट कर रहे हैं। ये सांविधानिक मूल्यों का अपमान है। ये किसी भी प्रकार स्वीकार नहीं हो सकता है।

पहली की सरकारों का विकास परिवारवादी था-योगी

मुख्यमंत्री योगी ने पीडीए की चर्चा करते हुए कहा कि पहली की सरकारों का विकास परिवारवादी था। उन्होंने जेपीएनआईसी का उदाहरण देते हुए विपक्ष पर निशाना साधा और कहा कि यह 800 करोड़ खर्च हो गए वह फिर भी अधूरा है। हमने जेपी के जन्मभूमि पर अस्पताल बनवाया।1400 करोड़ खर्च हो गए, फिर भी गोमती रिवर फ्रंट का प्रोजक्ट अधूरा है, यह महज 300 करोड़ का प्रोजेक्ट था। जय प्रकाश नारायण और लोहिया के नाम पर सिर्फ राजनीति करते हैं।

आज उत्तर प्रदेश में सुरक्षा का वातावरण है

मुख्यमंत्री योगी सदन में समाजवादी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार पर तीखे हमले किए; कहा कि सपा नेताओं ने अपने कार्यकाल में अराजकता फैलाई। वन डि​​स्ट्रिक वन माफिया का राज था। विकास की गारंटी है रुल आफ और उत्तर प्रदेश में कानून का राज है। इसीलिए युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा हुआ। किसान आत्महत्या के लिए मजबूर हुआ। आज जल, थल, नभ तीनों यूपी के अंदर देखने को मिलता है। उत्तर प्रदेश में पहली रैपिड रेल का उद्घाटन 22 फरवरी को होगा। मेरठ से दिल्ली सिर्फ 45 मिनट में तय होता है। आज 22 एक्सप्रेसवे वाला राज्य उत्तर प्रदेश है। इनमें 7 क्रियाशील हो चुके हैं और 5 निर्माणाधीन हैं जबकि 10 पर हमारी सरकार काम कर रही है।

62 लाख से अधिक आवास उपलब्ध कराए-सीएम

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि हमने 62 लाख से अधिक आवास उपलब्ध कराए। 2017 से पहले राशन वितरण की खूब शिकायतें थीं। आज कोई शिकायत नहीं है, क्योंकि टेक्नालॉजी का उपयोग किया गया। 6 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे। किसी भी सेक्टर में यदि यूपी के युवा को मौका मिला, तो उसने अपनी अलग छाप छोड़ी। डाटा आज की सबसे बड़ी ताकत है। एआई देश का सेक्टर है। इसके लिए भी बजट में व्यवस्था की गई है।

हर साल एक लाख युवा उद्यमी बनाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने सदन में उत्तर प्रदेश में 60 फीसदी युवा ऊर्जा है। यहां हर युवा उद्यमी बन सके, 'सीएम युवा उद्यमी' स्कीम से काम चल रहा है। हर साल एक लाख युवा उद्यमी बन सकें, इसके लिए तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। ईवी के पहली यूनिट लखनऊ में स्थापित हुई है। 20 हजार से अधिक स्टार्ट अप यूपी में चल रहे हैं। प्रदेश में बेरोजगारी की दर 16 से घटकर 2.24 फीसदी तक आ गई है। बजट में व्यवस्था की गई है कि हर गांव में खेल का मैदान हो, मंडल स्तर पर स्पाेर्टस काॅलेज हाें और जिला मुख्यालय में स्टेडियम की स्थापना का लक्ष्य है। मेरठ में पहली खेल यूनिवर्सिटी बनायी गई है, जहां सभी खेल सुविधाएं दी जा रही हैं। इलेक्ट्रिक व्हीकल के बाजार में यूपी की धमक है। खरीदे जा रहे वाहनों 19 फीसदी हिस्सा यूपी का है। तिपहिया वाहनों में 40 फीसदी से अधिक यूपी का हिस्सा है।

ओडीओपी के माध्यम से उत्पादकों को बाजार से जोड़ा

सीएम ने आगे कहा आज ओडीओपी के माध्यम से उत्पादकों को बाजार से जोड़ा। 96 लाख एमएसएमई यूनिट में 96 लाख युवाओं के लिए रोजगार का रास्ता खुला। जो सरकार अपने हस्तशिल्पियों का सम्मान नहीं करती, उसका सपा जैसा हाल होगा। निवेश की पहली शर्त सुरक्षा, दूसरी सुविधा और तीसरी शर्त पालिसी बनाकर उसका क्रियान्वयन करना है। आज यूपी में तीनों हैं। डबल इंजन सरकार से स्पीड आना भी स्वाभाविक है। पहले मात्र 14 हजार कारखाने थे। 2017 के बाद से इनकी संख्या 31 हजार पार कर गई है।

उन्होंने आगे कहा कि मेडिकल इन्फॉस्ट्रक्चर के अंदर हमें बड़ी सफलता हासिल हुई है। आज वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज और वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट यूपी में हैं। आज महिला सुरक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य और शिक्षा की स्थिति बेहतर है। हमने 1.75 हजार नौकरियां सिर्फ बेटियों को दी हैं। पहले कहावत थी देख सपाई बिटिया घबराई। आज नाइट शिफ्ट में भी बेटियां काम कर रही हैं।

कभी बीमार कहा जाने वाला प्रदेश अब देश की तीसरी अर्थव्यवस्था है

मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा के कारण ही उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य कहकर लोग मजाक उड़ाते थे, लेकिन डबल इंजन की सरकार ने सूरत बदल दी। आज प्रति व्यक्ति आय तीन गुना हुई है। 8.5 वर्षों में कोई नया टैक्स नहीं लगाया, टैक्स चोरी रोकी है। आज रेवेन्यू सरप्लस प्रदेश के रूप में हैं। 2017 से पहले कृषि के लिए कोई स्पष्ट नीति नहीं थी। किसान सिर्फ वोट बैंक था। आज लागत कम उत्पादन ज्यादा है। खेती काे आय आधारित बना रहे हैं। आज किसान विकास का साथी है। जो भी पैसा होता है, डीबीटी के माध्यम के सीधे अन्नदाता के खातों में जाता है। गन्ना किसानाें काे समय से भुगतान हाे रहा है।

अपने भाषण के समापन में मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को धन्यवाद ज्ञापित किया और सदन का भी आभार जताया। भाषण के दौरान में सदन में कई बार तालियां गूंजी और जय श्री राम का उदघोष लगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह

Powered By Sangraha 9.0