अडाणी समूह एआई सक्षम डेटा केंद्र विकसित करने के लिए 100 अरब डॉलर निवेश करेगा

युगवार्ता    17-Feb-2026
Total Views |
कंपनी के जारी लोगो का प्रतीकात्‍मक चित्र


नई दिल्‍ली, 17 फरवरी (हि.स)। अडाणी समूह ने नवीकरणीय ऊर्जा से संचालित अत्याधुनिक एआई सक्षम डेटा केंद्रों को 2035 तक विकसित करने के लिए 100 अरब अमेरिकी डॉलर (9 लाख करोड़ रुपये) का निवेश करेगा।

अडाणी समूह ने मंगलवार को नवीकरणीय ऊर्जा से संचालित अत्याधुनिक एआई सक्षम डेटा केंद्रों को विकसित करने के लिए अगले 9 साल यानी 2035 तक 100 अरब यूएस डॉलर का निवेश करने की घोषणा की। यह दुनिया की सबसे बड़ी एकीकृत ‘एनर्जी-कंप्यूट’ प्रतिबद्धताओं में से एक है।

समूह की प्रमुख कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज ने बयान में कहा कि इस पहल से ‘सर्वर’ निर्माण, ‘क्लाउड’ मंच एवं सहायक उद्योगों में अतिरिक्त 150 अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश होने की उम्मीद है। इससे भारत में 250 अरब डॉलर का अनुमानित एआई अवसंरचना परिवेश तैयार होगा।

अडाणी समूह के चेयरमैन गौतम अडाणी ने कहा कि दुनिया एक ऐसी बुद्धिमत्ता क्रांति में प्रवेश कर रही है, जो पिछली किसी भी औद्योगिक क्रांति से कहीं अधिक गहन है। ऊर्जा एवं कंप्यूटर के बीच सामंजस्य स्थापित करने में निपुण राष्ट्र ही आने वाले दशक को आकार देंगे। उन्होंने कहा कि भारत नेतृत्व करने के लिए अद्वितीय स्थिति में है। गौतम अडाणी ने कहा कि अडाणी समूह में हम डेटा केंद्रों और हरित ऊर्जा में अपनी मजबूत नींव पर काम करते हुए भारत की प्रौद्योगिकी संप्रभुता पर केंद्रित पांच स्तरीय एआई ढांचे में विस्तार कर रहे हैं। एआई युग में भारत केवल उपभोक्ता नहीं रहेगा। हम बुद्धिमत्ता के विनिर्माता, विकासकर्ता एवं निर्यातक होंगे और हमें उस भविष्य में भागीदार होने पर गर्व है।’’

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags