
नई दिल्ली, 17 फरवरी (हि.स.)। दिल्ली ओपन 2026 में भारत के शीर्ष एकल खिलाड़ी सुमित नागल ने पुरुष एकल के दूसरे दौर में जगह बना ली, जबकि टूर्नामेंट में बड़ा उलटफेर तब हुआ जब ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष वरीय डेन स्वीनी पहले ही मैच में बाहर हो गए।
नागल ने स्पेन के डेविड जोरडा सांचिस को सीधे सेटों में 6-3, 7-5 से हराया। मुकाबला एक घंटा 27 मिनट चला। जीत के बाद नागल ने घरेलू दर्शकों के समर्थन को खास बताया और कहा कि दिल्ली में यह उनकी पहली जीत है।
टूर्नामेंट का आयोजन डीएलटीए परिसर में हो रहा है और फाइनल 22 फ़रवरी को खेला जाएगा। यह एटीपी चैलेंजर टूर की चैलेंजर 75 श्रेणी का इवेंट है, जिसमें 32 एकल और 16 युगल जोड़ियां हिस्सा ले रही हैं।
दिन का सबसे बड़ा उलटफेर तब हुआ जब कजाखस्तान के बेइबिट झुकायेव ने एक सेट गंवाने के बाद वापसी करते हुए स्वीनी को 6-7, 6-2, 6-2 से हराया।
अन्य मुकाबलों में जापान के रे साकामोटो ने चेन्नई ओपन चैंपियन फ्रेडरिको फेरेरा सिल्वा को हराकर प्री-क्वार्टर फ़ाइनल में प्रवेश किया। ब्रिटेन के जे क्लार्क ने पोलैंड के मैक्स कास्निकोव्स्की को मात देकर सीजन की अपनी पहली जीत दर्ज की।
भारतीय खिलाड़ियों में मानस धमने, मनीष सुरेशकुमार और दिग्विजय सिंह पहले दौर में बाहर हो गए।
नागल अब इतिहास रचने की कोशिश करेंगे, क्योंकि अबतक इस टूर्नामेंट के एकमात्र भारतीय एकल चैंपियन सोमदेव देववर्मन रहे हैं, जिन्होंने 2014 और 2015 में खिताब जीता था। युगल में भारत को सकेथ मायनेनी-सनम सिंह और यूकी भांबरी-महेश भूपति की जोड़ियों ने खिताब दिलाए हैं।
चैलेंजर 75 स्तर के इस टूर्नामेंट में विजेता को 75 रैंकिंग अंक और 17,000 डॉलर की पुरस्कार राशि मिलेगी।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय