सीजीएचएस लाभार्थियों के लिए 'परिपूर्ण मेडिक्लेम आयुष बीमा' को बढ़ावा देने को सुविधा शिविरों का उद्घाटन

17 Feb 2026 20:26:53
वित्‍त मंत्रालय के कार्यक्रम का जारी फोटो


वित्‍त मंत्रालय के कार्यक्रम का जारी फोटो


नई दिल्‍ली, 17 फरवरी (हि.स)। वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) ने सीजीएचएस लाभार्थियों के लिए 'परिपूर्ण मेडिक्लेम आयुष बीमा' को बढ़ावा देने के लिए सुविधा शिविरों का उद्घाटन किया। इसके तहत पॉलिसी में 10–20 लाख रुपये तक का लचीले सह-भुगतान विकल्प और व्यापक अस्पताल नेटवर्क में भर्ती होने पर कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध है।

वित्त मंत्रालय ने मंगलवार को जारी एक बयान में बताया कि वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) के सचिव एम. नागराजू ने नई दिल्ली स्थित डीएफएस परिसर में न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी लिमिटेड द्वारा आयोजित सुविधा शिविरों का उद्घाटन किया। मंत्रालय के मुताकिबक भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों/विभागों द्वारा इस प्रकार के सुविधा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी लिमिटेड द्वारा 14 जनवरी, 2026 को केंद्र सरकार स्वास्थ्य योजना (सीजीएचएस) लाभार्थियों के लिए परिपूर्ण मेडिक्लेम आयुष बीमा योजना शुरू की गई है। यह कैशलेस सुविधाएं, आधुनिक उपचार और अस्पतालों के व्यापक नेटवर्क तक पहुंच प्रदान करती है। यह स्वास्थ्य बीमा उत्पाद विशेष रूप से सीजीएचएस लाभार्थियों के लिए उपलब्ध है, जिसमें प्रति पॉलिसी अधिकतम छह सदस्य हो सकते हैं।

वित्‍त मंत्रालय के मुताबिक यह भारत के भीतर भर्ती होने पर क्षतिपूर्ति-आधारित कवरेज प्रदान करता है, जिसमें 10 लाख रुपये या 20 लाख रुपये के बीमा राशि विकल्प उपलब्ध हैं। उत्पाद में सह-भुगतान घटक होगा, जिससे लाभार्थियों को बीमा कंपनी और ग्राहकों के बीच 70:30 या 50:50 की सह-साझेदारी का विकल्प चुनने की सुविधा मिलेगी। यह उत्पाद लगभग 20,800 तृतीय पक्ष प्रशासक नेटवर्क अस्पतालों और लगभग 5050 बीमाकर्ता नेटवर्क अस्पतालों के माध्यम से नकद रहित अस्पताल में भर्ती की सुविधा प्रदान करता है।

मंत्रालय के मुताबिक पॉलिसी की अन्य विस्तृत जानकारी एनआईएसीएल की आधिकारिक वेबसाइट https://www.newindia.co.in/health-insurance/paripoorna-ayush-bima पर देखी जा सकती है। यह वैकल्पिक स्वास्थ्य बीमा योजना सभी सीजीएचएस लाभार्थियों के लिए खुदरा उत्पाद के रूप में उपलब्ध है, और अधिकतम सामर्थ्य सुनिश्चित करने के लिए इस पर कोई जीएसटी नहीं है। मौजूदा लाभों के पूरक के रूप में डिजाइन की गई यह उन्नत पॉलिसी देशभर में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तक अधिक लचीलापन और विस्तारित पहुंच प्रदान करते हुए, एक सहज अनुभव प्रदान करेगी, जिससे सभी सीजीएचएस लाभार्थियों को आसानी और आत्मविश्वास के साथ अतिरिक्त वित्तीय सुरक्षा प्राप्त होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0