आईसीजी पोत ‘अमृत कौर’ ने बांग्लादेशी नौका पकड़ी, 28 चालक दल हिरासत में

17 Feb 2026 17:20:53
Coast guard


कोलकाता, 17 फरवरी (हि. स.)। भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) के पोत ‘अमृत कौर’ ने उत्तरी बंगाल की खाड़ी में गश्त के दौरान भारतीय समुद्री सीमा में अवैध रूप से मछली पकड़ रही एक बांग्लादेशी मछली पकड़ने वाली नौका को पकड़ लिया। इस कार्रवाई में नौका पर सवार 28 चालक दल के सदस्यों को हिरासत में लिया गया।

आईसीजी की ओर से मंगलवार को बताया गया कि निगरानी के दौरान पोत ने भारतीय विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र (ईईजेड) के भीतर संचालित हो रही उक्त नौका का पता लगाया। जांच में पाया गया कि नौका भारतीय समुद्री क्षेत्र में बिना अनुमति मछली पकड़ रही थी, जो समुद्री क्षेत्र से संबंधित प्रावधानों का उल्लंघन है। इसके बाद तटरक्षक दल ने नौका को रोका, उस पर चढ़कर विस्तृत तलाशी ली। चालक दल के सदस्य भारतीय समुद्री क्षेत्र में मछली पकड़ने के लिए कोई वैध अनुमति या प्राधिकरण प्रस्तुत नहीं कर सके। बरामद मछली पकड़ने के उपकरण और पकड़ी गई मछलियों से स्पष्ट हुआ कि प्रतिबंधित क्षेत्र में सक्रिय रूप से मछली पकड़ने की गतिविधि चल रही थी।

नौका और चालक दल को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए फ्रेजरगंज लाया गया है। तटरक्षक बल ने कहा कि यह कार्रवाई देश के समुद्री हितों की रक्षा, अवैध मछली पकड़ने पर रोक और क्षेत्र में कार्यरत भारतीय मछुआरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। बंगाल की खाड़ी में समुद्री कानूनों के प्रवर्तन और राष्ट्रीय समुद्री संपत्तियों की सुरक्षा के लिए तटरक्षक बल सतत सतही और हवाई निगरानी रखता है।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Powered By Sangraha 9.0