जेनेवा/तेहरान, 17 फरवरी (हि.स.)। ईरान ने लाइव-फायर सैन्य अभ्यास के चलते रणनीतिक रूप से अहम हॉर्मुज जलडमरूमध्य को अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की है। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब ईरानी प्रतिनिधि संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ अपने विवादित परमाणु कार्यक्रम को लेकर जेनेवा में अप्रत्यक्ष वार्ताओं में शामिल हैं।
ईरानी मीडिया के मुताबिक, अभ्यास के दौरान जलडमरूमध्य की दिशा में मिसाइलें दागी गईं और “समुद्री सुरक्षा” कारणों से मार्ग को कुछ घंटों के लिए बंद रखा गया। यह पहला अवसर बताया जा रहा है जब हालिया तनाव के दौर में ईरान ने इस अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग पर औपचारिक अस्थायी रोक की घोषणा की है। इसी मार्ग से वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है।
अर्ध-सरकारी तस्नीम न्यूज एजेंसी, जो इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के करीबी मानी जाती है, ने दावा किया कि देश के भीतर और तटीय इलाकों से दागी गई मिसाइलों ने अपने लक्ष्य साधे।
विश्लेषकों का मानना है कि सैन्य अभ्यास और कूटनीतिक वार्ताएं समानांतर चलने से क्षेत्रीय तनाव और बढ़ सकता है। इसे पश्चिम एशिया में जारी टकराव के बीच एक सख्त संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है, हालांकि वार्ता जारी रहने से कूटनीतिक समाधान की संभावना बनी हुई है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय