खैबर पख्तूनख्वा में आत्मघाती कार हमला, 11 सुरक्षाकर्मियों की मौत

युगवार्ता    17-Feb-2026
Total Views |

क्वेटा, 17 फरवरी (हि.स.)। पाकिस्तान के अशांत उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र खैबर पख्तूनख्वा में आत्मघाती कार बम हमले में कम से कम 11 सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई। यह हमला बाजौर जिला में अफगान सीमा के नजदीक एक संयुक्त चेकपोस्ट पर हुआ। लगातार बढ़ती हिंसा ने सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं खड़ी कर दी हैं।

पाकिस्तानी सेना के मीडिया विंग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस के मुताबिक विस्फोटकों से भरे वाहन को सुरक्षा चौकी से टकराया गया, जिससे चौकी को भारी नुकसान पहुंचा। यह पोस्ट फ्रंटियर कॉर्प्स द्वारा संचालित थी।

अफगानिस्तान की समाचार एजेंसी खामा प्रेस ने मंगलवार को बताया कि धमाका इतना शक्तिशाली था कि इमारत मलबे में तब्दील हो गई। आसपास के घर भी प्रभावित हुए। एक बच्चे की मौत और कई लोगों के घायल होने की भी खबर है। स्थानीय लोगों ने अंधेरे में राहत-बचाव का प्रयास किया।

हाल के महीनों में क्षेत्र में उग्रवादी हमलों में बढ़ोतरी देखी गई है। बन्नू जिले में पुलिस स्टेशन के पास हुए एक अन्य विस्फोट में दो लोगों की जान गई और कई घायल हुए। यह जानकारी पाकिस्तानी दैनिक डॉन ने दी।

सुरक्षा विश्लेषकों का कहना है कि देश में हिंसक घटनाओं का ग्राफ लगातार ऊपर जा रहा है। पाकिस्तान इंस्टीट्यूट फॉर पीस स्टडीज की एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2025 में सैकड़ों आतंकी हमले दर्ज किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में लोग मारे गए या घायल हुए।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags