टी20 विश्वकप: आखिरी लीग मैच में प्रयोग नहीं करेगा भारत, नीदरलैंड्स मुकाबले से पहले सहायक कोच के संकेत

17 Feb 2026 23:15:53

अहमदाबाद, 17 फरवरी (हि.स.)। आईसीसी टी20 विश्व कप में सुपर-8 में जगह पक्की कर चुकी भारत की टीम आख़िरी लीग मैच में भी पूरी गंभीरता से उतरेगी। टीम प्रबंधन ने साफ किया है कि नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबले को हल्के में नहीं लिया जाएगा और बड़े प्रयोगों की संभावना कम है।

सहायक कोच सितांशु कोटक ने मैच पूर्व बातचीत में कहा कि टीम का लक्ष्य लय बनाए रखना और परिस्थितियों को बेहतर समझना है। मुकाबला नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है, जहां आगे भी अहम मैच निर्धारित हैं। ऐसे में खिलाड़ी पिच और मौसम का अनुभव हासिल करना चाहते हैं।

कोटक के मुताबिक, टीम हर मैच को समान महत्व देती है। उन्होंने कहा कि टी20 प्रारूप में किसी भी दिन कोई भी टीम उलटफेर कर सकती है, इसलिए फोकस सिर्फ अच्छा क्रिकेट खेलने पर है। अंकतालिका पर बारिश का असर पड़ने की आशंका को भी उन्होंने ज्यादा महत्व नहीं दिया।

उन्होंने सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को लेकर चल रही चर्चाओं को भी खारिज किया। कोटक ने बताया कि खिलाड़ी अपनी योजनाओं पर स्पष्ट हैं और टीम अनावश्यक विश्लेषण से बचती है। उनके अनुसार, पिछले मैच में अभिषेक की जल्दी विदाई फिटनेस कारणों से भी जुड़ी थी।

भारत को सुपर-8 चरण में अगला बड़ा मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से खेलना है, इसलिए टीम प्रबंधन लय और संयोजन बरकरार रखने के पक्ष में दिख रहा है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0