(अपडेट) नैनीताल जिला अदालत को दोबारा बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा बढ़ाई गई

17 Feb 2026 14:36:53
धमकी वाला ईमेल


नैनीताल, 17 फरवरी (हि.स.)। नैनीताल जिला अदालत को मंगलवार को लगातार दूसरे दिन बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ने कोर्ट परिसर की जांच की है।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश के आधिकारिक ईमेल पर सुबह 7:11 बजे प्राप्त धमकी भरे संदेश में दावा किया गया कि कोर्ट परिसर में मानव बम और आरडीएक्स से बने विस्फोटक पहले ही रखे जा चुके हैं और वे 11:15 बजे फटेंगे।

ईमेल में यह कहा गया कि तमिल टाइगर्स ऑफ ईलम और पाकिस्तानी आईएसआई के सदस्य न्यायालय परिसर में आकर रिमोट कंट्रोल या खुद विस्फोट करके सभी को निशाना बनाएंगे।

धमकी मिलते ही पुलिस ने तुरंत बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड को न्यायालय परिसर में तैनात कर पूरे क्षेत्र की सघन जांच कराई। प्रशासन ने एहतियातन परिसर को खाली कराकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

नैनीताल पुलिस ने पहले ही मामले में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि हल्द्वानी और रामनगर कोर्ट परिसरों में भी जांच जारी है। उन्होंने कहा कि भय फैलाने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इससे पहले सोमवार को भी धमकी भरा ईमेल संदेश प्राप्त हुआ था, जिसमें कोर्ट परिसर को बम से उड़ने की धमकी दी गई थी।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Powered By Sangraha 9.0