
गांधीनगर, 18 फ़रवरी (हि.स.)।गांधीनगर के सेक्टर-21 स्थित महाराष्ट्र भवन में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि शिवाजी महाराज की यह प्रतिमा वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों को साहस, रणनीति और ‘स्वराज’ के संकल्प की निरंतर प्रेरणा देती रहेगी। उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज की शौर्यगाथा और सुशासन के आदर्श आज भी समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं।
उन्होंने शिवाजी महाराज के ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि जब देश का बड़ा हिस्सा गुलामी की बेड़ियों में जकड़ा हुआ था, तब मात्र 16 वर्ष की आयु में शिवाजी महाराज ने रायरेश्वर महादेव मंदिर में ‘हिंदवी स्वराज’ की स्थापना का संकल्प लिया था। माता जीजाबाई के संस्कार और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने स्वतंत्रता और स्वाभिमान की नई राह दिखाई।
अमित शाह ने कहा कि शिवाजी महाराज ने मंदिरों की रक्षा और पुनर्स्थापना का जो मार्ग दिखाया, उसी दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और सोमनाथ मंदिर सहित कई धार्मिक स्थलों का विकास किया गया है, जिससे सनातन परंपरा को मजबूती मिली है।
उन्होंने यह भी कहा कि शिवाजी महाराज ने स्वभाषा को महत्व देते हुए प्रशासन में भारतीय भाषाओं को बढ़ावा दिया और भारतीय नौसेना की नींव रखने का कार्य किया।
उन्होंने राष्ट्रीय शायर झवेरचंद मेघाणी का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी रचनाओं में शिवाजी महाराज की वीरता का वर्णन आज भी बच्चों और युवाओं में देशभक्ति की भावना जगाता है।
मूर्तिकार की कला की सराहना करते हुए अमित शाह ने कहा कि शिवाजी महाराज की घोड़े पर अग्रसर होती हुई यह प्रतिमा अत्यंत जीवंत और भव्य है, जो गांधीनगर की शोभा बढ़ाने के साथ आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देती रहेगी।
इस मौके पर गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक जगदीश विश्वकर्मा, गांधीनगर महापौर मीराबेन पटेल, विधायक रीताबेन पटेल, डिप्टी मेयर नटुजी ठाकोर, स्टैंडिंग कमेटी के चेयरमैन गौरांग व्यास, गांधीनगर कलेक्टर मेहुल दवे, जिला पुलिस अधीक्षक रवि तेजा वासम शेट्टी, सोनलबेन शाह, महाराष्ट्र भवन के मैनेजिंग ट्रस्टी सुधीर रघुनाथ विचारे सहित महाराष्ट्र समाज के अनेक लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभात मिश्रा