कैलिफोर्निया हिमस्खलन में नौ स्कीयर लापता, छह को बचाया गया

युगवार्ता    18-Feb-2026
Total Views |

ट्रकी (कैलिफोर्निया), 18 फरवरी (हि.स.)। अमेरिका के सिएरा नेवादा पर्वतीय क्षेत्र में भीषण हिमस्खलन के बाद नौ स्कीयर अब भी लापता हैं, जबकि छह लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। बचाए गए लोगों में से दो को चोटों के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नेवादा काउंटी शेरिफ कार्यालय के अनुसार, यह हादसा मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे केसल पीक इलाके में हुआ, जो ट्रकी शहर से लगभग 10 मील उत्तर और ताहो झील के पास स्थित है। हिमस्खलन ने बैककंट्री स्कीयरों के एक समूह को अपनी चपेट में ले लिया।

अधिकारियों ने बताया कि कुछ जीवित बचे स्कीयरों ने तिरपाल आदि की मदद से अस्थायी शरण बनाकर खुद को सुरक्षित रखा और रेडियो बीकन व टेक्स्ट संदेशों के जरिए बचाव दल से संपर्क किया। मौसम खराब होने और नए हिमस्खलन के खतरे के कारण रेस्क्यू अभियान धीमी गति से चल रहा है।

सिएरा हिमस्खलन केंद्र ने क्षेत्र में “उच्च हिमस्खलन खतरे” की चेतावनी जारी रखी है। हालिया सर्दी तूफ़ान के चलते ऊँचाई वाले इलाकों में कई फीट ताजी और अस्थिर बर्फ जमी है।

यह स्की टूर ब्लैकबर्ड माउंटेन गाइड्स द्वारा आयोजित किया गया था। कंपनी के मुताबिक समूह तीन दिन की यात्रा से लौट रहा था, तभी हादसा हुआ। दल फ्रॉग लेक बैककंट्री हट्स में ठहरा हुआ था, जो डोनर समिट के पास लगभग 7,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। यह इलाका पश्चिमी गोलार्ध के सबसे अधिक हिमपात वाले क्षेत्रों में गिना जाता है।

राज्य के गवर्नर गेविन न्यूसोम के कार्यालय ने बताया है कि राज्य और स्थानीय एजेंसियां मिलकर व्यापक खोज और बचाव अभियान चला रही हैं।

उल्लेखनीय है कि अमेरिका में हर सर्दियों में हिमस्खलन से औसतन 27 लोगों की मौत होती है, यह आंकड़ा कोलोराडो हिमस्खलन सूचना केंद्र के आंकड़ों पर आधारित है। इस सीजन में अब तक छह मौतें दर्ज की जा चुकी हैं।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags