प्रधानमंत्री ने की स्पेन के राष्ट्रपति से द्विपक्षीय वार्ता, परस्पर संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने पर जोर

18 Feb 2026 13:05:53
स्पेन के राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज से मुलाकात करते प्रधानमंत्री मोदी


स्पेन के राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज से द्विपक्षीय वार्ता करते प्रधानमंत्री मोदी


नई दिल्ली, 18 फ़रवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को इंडिया एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन से इतर स्पेन के राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज से द्विपक्षीय वार्ता की। इस वार्ता के दौरान दोनों नेताओं ने भारत और स्पेन के बीच सहयोग को अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इसकी जानकारी देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में भाग लेने आए स्पेन के राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज से प्रधानमंत्री मोदी ने इस समिट से इतर यहां द्विपक्षीय वार्ता की। इस दौरान दोनों नेताओं ने दोनों देशों के बीच सहयोग को और गहरा करने के लिए कई मुद्दों पर व्यापक बातचीत की।

उन्होंने कहा कि बैठक में दोनों नेताओं के बीच व्यापार, अर्थव्यवस्था, नवाचार, स्वास्थ्य, जलवायु परिवर्तन पर क्रियान्वयन, और शिक्षा जैसे तमाम मुद्दों पर विस्तृत बातचीत हुई। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने स्पेन के राष्ट्रपति सांचेज को भारत-यूरोपीय संघ के बीच संबंधों को मजबूती देने के लिए उनका लगातार सहयोग देने के लिए सराहना की।

उल्लेखनीय है कि स्पेन के राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर विश्व के चौथे शिखर सम्मेलन में भाग लेने आज सुबह भारत पहुंचे हैं। इस दौरान केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने हवाई अड्डे पर उनकी स्वागत किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0