प्रधानमंत्री मोदी ने भूटान और कजाखस्तान के प्रधानमंत्रियों से की मुलाकात, एआई और रणनीतिक सहयोग बढ़ाने पर जोर

18 Feb 2026 20:47:53
नई दिल्ली में एआई इम्पैक्ट समिट के इतर प्रधानमंत्री कजाखस्तान के प्रधानमंत्री ओलझास बेक्टेनोव के साथ द्विपक्षीय वार्ता करते हुए।


नई दिल्ली में एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे से मुलाकात करते हुए।


नई दिल्ली, 18 फ़रवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को एआई इम्पैक्ट समिट के इतर भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे और कजाखस्तान के प्रधानमंत्री ओलझास बेक्टेनोव से मुलाकात की। इस दौरान भारत ने भूटान के साथ ऊर्जा, कनेक्टिविटी, एआई और विकास साझेदारी मजबूत करने पर सहमति जताई। वहीं कजाखस्तान के साथ व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, कनेक्टिविटी और उभरती प्रौद्योगिकी समेत व्यापक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। दोनों बैठकों में एआई और नई तकनीकों के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।

प्रधानमंत्री ने भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे के साथ बैठक में द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा की। यह समीक्षा नवंबर 2025 में प्रधानमंत्री मोदी की भूटान यात्रा के बाद हुई प्रगति पर आधारित रही। तोबगे ने भूटान की 13वीं पंचवर्षीय योजना और गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी परियोजना में भारत के समर्थन के लिए आभार जताया।

दोनों नेताओं ने ऊर्जा, कनेक्टिविटी और विकास साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। दोनों पक्ष एआई और डिजिटल प्रौद्योगिकी में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमत हुए। इसमें अनुभव साझा करना और संयुक्त समाधान विकसित करना शामिल है। भारत और भूटान के संबंध पारंपरिक मित्रता और विश्वास पर आधारित हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कजाखस्तान के प्रधानमंत्री ओलझास बेक्टेनोव से भी मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने एआई इम्पैक्ट समिट में उनकी भागीदारी की सराहना की। इसे दोनों देशों की तकनीक के उपयोग के प्रति साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया गया। बैठक में दोनों नेताओं ने राजनीतिक, व्यापार, रक्षा और सुरक्षा सहयोग की समीक्षा की। ऊर्जा, कनेक्टिविटी और उभरती प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। लोगों के बीच संपर्क मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0