भाजपा अध्यक्ष ने असम विस चुनाव में हर बूथ पर 50 प्रतिशत वोट हासिल करने का लक्ष्य तय किया

18 Feb 2026 20:00:54
असमः डिब्रूगढ़ में पन्ना प्रमुखों की सभा को संबोधित करते भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन


डिब्रूगढ़ (असम), 18 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को असम में पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए आगामी विधानसभा चुनाव में हर बूथ पर कम से कम 50 प्रतिशत वोट हासिल करने का लक्ष्य तय किया।

दो दिवसीय असम प्रवास की शुरुआत में डिब्रूगढ़ में 'पन्ना प्रमुख सम्मेलन' में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर की सक्रियता बढ़ाने और सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि पार्टी प्रत्येक मतदान केंद्र पर 50 प्रतिशत वोट शेयर का आंकड़ा पार करे।

कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति में लिप्त होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टी के पास राज्य को शासित करने की नीति, इरादा और क्षमता नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वोटबैंक की राजनीति के लिए असम का इस्तेमाल किया। भाजपा के पास नीति, इरादा और क्षमता है और हम लोगों के साथ काम कर रहे हैं।

नवीन ने अवैध आव्रजन के खिलाफ राज्य सरकार की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहते कि बांग्लादेशी घुसपैठियों को निष्कासित करने का उद्देश्य असम के लोगों के अधिकारों की रक्षा करना है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा का आभार व्यक्त किया, जिन्हें उन्होंने राज्य की मूल स्थानीय आबादी के हितों की रक्षा करने वाला बताया।

असम में अवैध घुसपैठ के खिलाफ चल रहे अभियान के राजनीतिक प्रभाव राज्य के बाहर भी महसूस होने का दावा करते हुए नवीन ने कहा कि इसका असर पश्चिम बंगाल और केरल में भी देखा जा रहा है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा, असम प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद दिलीप सैकिया, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, बी पांडा, सांसद कामाख्या प्रसाद तासा के साथ ही अन्य कई वरिष्ठ नेता, विधायक समेत भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।

इससे पहले दो दिवसीय यात्रा कार्यक्रम के तहत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज दोपहर बाद डिब्रूगढ़ पहुंचे। भाजपा अध्यक्ष का हवाई अड्डे पर भव्य स्वागत किया गया। हवाई अड्डे से उन्हें पुष्प-सजित वाहन के जरिए सभास्थल मानकटा खेल मैदान ले जाया गया। खेल मैदान में पार्टी के स्थानीय नेताओं के सम्मेलन में हिस्सा लेते हुए डिब्रूगढ़ जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों के 23,000 पन्ना प्रमुखों के साथ विचार-विमर्श किया।

19 फरवरी को नितिन नवीन बारेकुरी बरनामघर में पूजा-अर्चना करेंगे। साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष मटक राजा सर्बानंद सिंह के मैदाम स्थल पर पहुंचकर दर्शन के साथ अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

Powered By Sangraha 9.0