
—बरेका खेलकूद स्टेडियम में महिला वर्ग में पहला मैच उत्तर रेलवे और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बीच खेला गया
वाराणसी, 18 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में बुधवार से 18वीं अखिल भारतीय रेलवे हैंडबॉल प्रतियोगिता (पुरुष-महिला) का भव्य आगाज हुआ। बतौर मुख्य अतिथि प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर, एवं अध्यक्ष, बरेका खेल संघ सुशील कुमार श्रीवास्तव ने शांति, एकता और खेल भावना का प्रतीक रंग- बिरंगे गुब्बारों को आकाश में उड़ाकर प्रतियोगिता का शुभारम्भ किया।
इसके बाद उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया एवं उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में उद्घाटन मैच बनारस रेल इंजन कारखाना और दक्षिण मध्य रेलवे के बीच खेला गया । जिसमें बनारस रेल इंजन कारखाना की टीम ने दक्षिण मध्य रेलवे की टीम को 19-13 से हराकर शानदार विजय प्राप्त किया। महिला वर्ग में पहला मैच उत्तर रेलवे और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की टीमों के बीच खेला गया । जिसमें दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की टीम ने उत्तर रेलवे की टीम को 24-16 से हरा कर शानदार जीत दर्ज किया।
दोनों मैचों के दौरान मैदान पर उपस्थित दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
बरेका के जनसम्पर्क कार्यालय के अनुसार प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में उत्तर रेलवे, पूर्वोत्तर रेलवे, बनारस रेल इंजन कारखाना, पश्चिम रेलवे, दक्षिण मध्य रेलवे, रेलवे सुरक्षा बल,उत्तर पश्चिम रेलवे, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रेलवे बोर्ड, पटियाला लोकोमोटिव वर्क्स की टीम भाग ले रही है।
वहीं,महिला वर्ग में उत्तर रेलवे, पूर्वोत्तर रेलवे,दक्षिण मध्य रेलवे,दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, मध्य रेलवे, पश्चिम रेलवे की टीम पूरे दमखम से उतरी है। प्रतियोगिता 21 फरवरी तक बरेका खेलकूद स्टेडियम में आयोजित की गई है। उद्घाटन के अवसर पर प्रमुख मुख्य इंजीनियर शैलेंद्र कुमार सिंह, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) एवं महासचिव, बरेका खेल संघ सुनील कुमार, क्रीड़ा अधिकारी धनंजय सिंह आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी