मुंबई, 19 फरवरी (हि.स.)। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने ऑलराउंडर शादाब खान को पूर्व खिलाड़ियों पर की गई टिप्पणी को लेकर नाराजगी जताई है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बोर्ड ने टीम मैनेजर के माध्यम से शादाब को भविष्य में शब्दों के चयन को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।
रिपोर्ट के अनुसार, नामीबिया के खिलाफ मुकाबले के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में शादाब ने टीवी चैनलों पर बैठकर उनकी चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाने वाले पूर्व क्रिकेटरों पर पलटवार किया था। उन्होंने कहा था कि “पूर्व खिलाड़ी दिग्गज रहे हैं, लेकिन वे भी वह हासिल नहीं कर सके जो हमने किया है। हमने विश्व कप में भारत को हराया है।”
बताया गया है कि पीसीबी ने टीम मैनेजर के जरिए शादाब को यह संदेश दिया कि वह अपने बयान में मर्यादा बनाए रखें। सूत्रों के हवाले से कहा गया कि सभी पूर्व खिलाड़ी, जिनमें उनके ससुर और पूर्व स्पिनर सकलेन मुस्ताक भी शामिल हैं, पाकिस्तान क्रिकेट के सम्मानित नाम हैं और उनके प्रति सम्मानजनक भाषा का प्रयोग किया जाना चाहिए।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि टीम प्रबंधन को अन्य खिलाड़ियों को भी आगाह करने के निर्देश दिए गए हैं कि वे मैच से जुड़े विषयों तक ही सीमित रहें और विवादित टिप्पणियों से बचें, अन्यथा कार्रवाई हो सकती है।
सकलेन मुश्ताक ने भी कथित तौर पर शादाब की टिप्पणी पर असहमति जताई है। उन्होंने कहा कि ऐसी टिप्पणियां अनावश्यक थीं और भले ही वे आईसीसी खिताब न जीत पाए हों, लेकिन उन्होंने पाकिस्तान के लिए कई बड़े टेस्ट और वनडे मुकाबले जीते हैं।
पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज कामरान अकमल ने भी शादाब के बयान को अनुचित बताते हुए संयम बरतने की सलाह दी है।
इस बीच टीम प्रबंधन मीडिया संवाद को लेकर भी सतर्क नजर आ रहा है। भारत के खिलाफ अहम मुकाबले से पहले दो दिनों तक किसी खिलाड़ी को मीडिया से बातचीत के लिए नहीं भेजा गया। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख है कि नामीबिया मैच से पूर्व प्रेस वार्ता के दौरान मीडिया मैनेजर ने एक खिलाड़ी को भारत मैच से जुड़े सवाल का जवाब देने से रोक दिया था, यह कहते हुए कि इस विषय पर पहले ही मुख्य कोच माइक हेसन जवाब दे चुके हैं।
पाकिस्तान की टीम अब सुपर आठ चरण में अपने पहले मुकाबले में शनिवार को न्यूजीलैंड से भिड़ेगी। इसके बाद 24 फरवरी को इंग्लैंड और फिर श्रीलंका से मुकाबला निर्धारित है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय