दून बलूनी क्रिकेट अकादमी और यूपीईएस ने सेमीफाइनल में बनाई जगह

युगवार्ता    02-Feb-2026
Total Views |

देहरादून, 02 फरवरी (हिस.)। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड द्वारा आयोजित देहरादून डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट लीग में सोमवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में दून बलूनी क्रिकेट अकादमी और यूपीईएस ने शानदार जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

पहला क्वार्टर फाइनल राव स्पोर्टिंग क्लब और दून बलूनी क्रिकेट अकादमी के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए राव स्पोर्टिंग क्लब की टीम 20.4 ओवर में 9 विकेट खोकर 99 रन ही बना सकी। टीम की ओर से तनुष गोसाई ने 21, अमन ने 19, प्रियांशु डबराल ने 17 और तुषार ने 15 रन बनाए। गेंदबाजी में दून बलूनी अकादमी के सचिन यादव ने तीन जबकि परितोष ने दो विकेट लिए।

जवाब में दून बलूनी क्रिकेट अकादमी ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 14.2 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। कार्तिकेय नौटियाल ने 54 और आर्यन शर्मा ने 44 रन की बेहतरीन पारियां खेलीं, जिससे टीम ने 6 विकेट से जीत दर्ज की। राव स्पोर्टिंग क्लब की ओर से ऋषभ बुटोला ने चार विकेट लिए, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके।

दूसरा क्वार्टर फाइनल जीडी गोयंका क्रिकेट ग्राउंड में यूपीईएस और निंबस क्रिकेट अकादमी के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए यूपीईएस ने 25 ओवर में 7 विकेट पर 211 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। विजय शर्मा ने 50, प्रियांक सिंह ने 42, प्रियांशु ने 34, आर्यन कपूर ने 26 और कमल सिंह ने 22 रन का योगदान दिया। निंबस की ओर से हिमांशु और अमन प्रताप सिंह ने दो-दो विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी निंबस क्रिकेट अकादमी की टीम 24 ओवर में 144 रन पर सिमट गई। शिवांश गौतम ने 74 और अभय राठौर ने 29 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। यूपीईएस के लिए हरजीत सिंह ने तीन और नीरज सिंह ने दो विकेट लेकर जीत सुनिश्चित की।

इन जीतों के साथ दून बलूनी क्रिकेट अकादमी और यूपीईएस ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभात मिश्रा

Tags