राजस्थान के झालाबाड़ में बोलेरो-बाइक की भिड़ंत, मप्र के तीन लोगों समेत चार की मौत

युगवार्ता    20-Feb-2026
Total Views |
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बाइक की तस्वीर


मंदसौर, 20 फरवरी (हि.स.)। राजस्थान के झालाबाड़ जिले में शुक्रवार की रात तेज रफ्तार कार (बोलेरो) और बाइक के बीच आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के रहने वाले हैं।

जानकारी के अनुसार एक ही बाइक पर सवार होकर चार लोग राजस्थान से मध्य प्रदेश की ओर आ रहे थे। चौमहला थाना क्षेत्र में ग्राम करनपुरा के पास रात शुक्रवार की रात करीब 7.30 बजे सामने से आ रही बोलेरो कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को चौमहला अस्पताल में मॉर्च्युरी में रखवाया। बैग में मिले आधार कार्ड से तीन व्यक्तियों की पहचान हुई है, जो मध्य प्रदेश के मंदसौर के रहने वाले थे। दस्तावेज नहीं मिलने के कारण एक अन्य मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।

क्षेत्र के डीएसपी हेमंत गौतम ने बताया कि बाइक डग से गंगधार की तरफ आ रही थी, जबकि बोलेरो गंगधार से डग की तरफ जा रही थी। इसी दौरान डग-चौमहला रोड पर करनपुरा गांव के पास दोनों गाड़ियों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। भिड़ंत में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि बाइक सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

डीएसपी गौतम ने बताया कि मृतकों के बैग से तीन आधार कार्ड मिले हैं। इनकी पहचान मंदसौर निवासी राजपाल पुत्र परबत सिंह निवासी झांगरिया गांव, थाना सीतामऊ, जवाहरलाल पुत्र रामचंद्र निवासी झांगरिया गांव, थाना सीतामऊ और नरेश पुत्र कालूलाल निवासी उदयपुर गांव के रूप में हुई है। चौमहला थाना अधिकारी अमरनाथ योगी ने आधार कार्ड में लिखे पते पर परिजन से संपर्क किया और हादसे की जानकारी दी। मृतकों के परिजन के चौमहला पहुंचने के बाद ही उनकी अधिकृत पहचान हो पाएगी। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags