एआई समिट के दौरान 250 अरब डॉलर से अधिक की निवेश प्रतिबद्धताएं हुईं हासिल : अश्विनी वैष्णव

20 Feb 2026 20:38:53
केन्द्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए


नई दिल्ली, 20 फ़रवरी (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को कहा कि इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट कई मायनों में एक बड़ी सफलता रही है। पांच लाख से अधिक आगंतुकों ने इस प्रदर्शनी का आनंद लिया, बहुत कुछ सीखा और दुनिया भर के कई विशेषज्ञों के साथ संवाद किया। एआई समिट के दौरान 250 अरब डॉलर से अधिक के इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े निवेश प्रतिबद्धताएं हासिल की गईं।

शुक्रवार को एआई समिट के बारे में आयोजित पत्रकार वार्ता में अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह आंकड़ा डेटा सेंटर, कंप्यूटिंग क्षमता, डिजिटल कनेक्टिविटी और ऊर्जा प्रणालियों जैसे उन बुनियादी ढांचों में बढ़ती पूंजी रुचि को दर्शाता है, जोकृत्रिम बुद्धिमता के विकास के लिए आवश्यक हैं। मंत्री ने कहा कि ये निवेश प्रतिबद्धताएं इस बात का संकेत हैं कि निवेशकों का भारत की उस क्षमता पर भरोसा बढ़ रहा है, जिसके तहत वह अगली पीढ़ी की प्रौद्योगिकियों के लिए जरूरी बुनियादी ढांचा तैयार कर सकता है।

उन्होंने कहा कि दुनिया के लगभग सभी प्रमुख एआई खिलाड़ी बड़ी संख्या में इसमें शामिल हुए। कई स्टार्टअप्स को अपने काम को प्रदर्शित करने का अवसर मिला। चर्चाओं की गुणवत्ता बेहद शानदार रही।

मंत्रिस्तरीय संवाद, लीडर्स प्लेनरी, मुख्य उद्घाटन समारोह और समिट को देखें, तो भागीदारी और संवाद की गुणवत्ता असाधारण थी। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमता के लिए भारत का ‘मानव’ विज़न- जो नैतिक, जवाबदेह और समावेशी एआई गवर्नेंस के लिए मानव-केंद्रित ढांचा प्रस्तुत करता है-को इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान वैश्विक स्तर पर मजबूत समर्थन मिला।

उन्होंने कहा कि भारत की एआई नीति, जो पांच स्तरों पर एक संप्रभुमॉडल्स के समूहके विकास पर केंद्रित है, जिसको अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। इतने सीमित संसाधनों में, हमारे इंजीनियरों और शोधकर्ताओं ने इतने उत्कृष्ट मॉडल तैयार किए हैं- यह हमारे लिए बहुत बड़ी और उपयोगी उपलब्धि है।”

एक्सपो और समिट के दौरान एआई नवाचार में भारतीय युवाओं की भागीदारी की भी सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में हम बहुत युवा नवप्रवर्तकों से मिले जिन्होंने एआई में उल्लेखनीय काम किया है। यह बेहद उत्साहजनक है, क्योंकि यदि युवा इस नई दुनिया में उम्मीद देखते हैं, तो वे इस तकनीक के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण रखेंगे।”

एआई समिट में कांग्रेस के यूथ कार्यकर्ता का प्रदर्शन दुखद कांग्रेस के प्रदर्शन पर पूछे गए सवाल के जवाब में अश्विनी वैष्णव ने कहा कि “जब इतनी सारी अच्छी चीज़ें हो रही हैं, तो एक छोटी सी बात को इतना ज़्यादा क्यों उछाला जा रहा है। यह मेरे लिए एक व्यक्तिगत सीख है। यह भी मेरे लिए एक सीख थी कि राजनीति में कुछ लोग, खासकर विपक्ष के कुछ लोग, यह भी नहीं समझते कि आज का युवा क्या चाहता है। वे ऐसी बातें बनाने की कोशिश करते हैं जो एक तरह से दुखद हैं और दूसरी तरह से मज़ाकिया लगती हैं।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0