एआई शिखर सम्मेलन के दौरान भारत और ब्राजील के बीच कृषि सहयोग पर बनी सहमति

20 Feb 2026 13:22:53
केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिहं चौहान


नई दिल्ली, 20 फरवरी (हि.स.)। दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट' के दौरान भारत और ब्राजील के कृषि मंत्रियों के बीच कृषि व्यापार और तकनीकी साझाकरण को लेकर व्यापक चर्चा हुई।

केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिहं चौहान ने शुक्रवार को एक्स पर कहा कि आज कृषि भवन में ब्राजील के कृषि मंत्री और उनकी टीम के साथ कृषि उत्पादों की बाजार तक पहुंच आसान बनाने, प्राकृतिक और जैविक खेती से जुड़े कई मुद्दों पर बातचीत हुई। भारत विशेष रूप से अपने अनार, लहसुन, अंगूर और किशमिश को ब्राजील के बाजारों में निर्यात करने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है।

उन्होंने बताया कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) और ब्राजील की प्रसिद्ध संस्था ब्राजील की कृषि अनुसंधान निगम (एम्ब्रापा) के बीच सहयोग पर सहमति बनी है। दोनों संस्थाएं मिलकर प्राकृतिक और जैविक खेती को बढ़ावा देंगी, जिसके लिए जल्द ही एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जा सकते हैं। भारत में जारी दलहन और तिलहन मिशन को मजबूती देने के लिए 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' की स्थापना पर भी विचार-विमर्श किया गया। ब्राजील ने एकीकृत कृषि प्रणालियों पर भारत के साथ सहयोग करने की इच्छा जताई है।

मंत्री ने कहा कि ब्राजील के राष्ट्रपति के नेतृत्व में वरिष्ठ मंत्रियों और प्रतिनिधिमंडल का यह दौरा भारत-ब्राजील संबंधों को और मजबूत करेगा। साथ ही उनका सहयोग भी मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0