मुरादाबाद के काजी अयान अली ने नेपाल में जीता स्वर्ण पदक, रचा इतिहास

20 Feb 2026 23:01:53
मुरादाबाद के काजी अयान अली ने नेपाल में जीता स्वर्ण पदक,


मुरादाबाद, 20 फरवरी (हि.स.)। पीतलनगरी मुरादाबाद के होनहार ताइक्वांडो खिलाड़ी काजी अयान अली ने 15 से 20 फरवरी तक काठमांडू, नेपाल में आयोजित 4जी माउंट एवरेस्ट इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैम्पियनशिप में कैडेट अंडर-41 किलोग्राम भार वर्ग में शुक्रवार को स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता वर्ल्ड ताइक्वांडो द्वारा जी-1 स्तर पर आयोजित की गई थी, जिसमें 23 से अधिक देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया।

हेड कोच तकी इमाम ने बताया कि काजी अयान अली ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए यह उपलब्धि हासिल की और मुरादाबाद का नाम रोशन किया। वह मुरादाबाद के इतिहास में पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने कैडेट अंडर-41 किलोग्राम वर्ग में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीता है।

इस शानदार उपलब्धि पर खिलाड़ी और उनके कोच वासित को हार्दिक बधाई दी जा रही है। स्वर्ण पदक मिलने पर हेड कोच तकी इमाम ने भी खिलाड़ी और कोच को बधाई दी।

टीम अब 22 फरवरी को भारत लौटेगी। काजी अयान अली की इस उपलब्धि से उनके परिवार, मित्र, कोच और शुभचिंतक बेहद खुश हैं और पूरे शहर में उत्साह का माहौल है। यह उपलब्धि न केवल मुरादाबाद बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Powered By Sangraha 9.0