बांग्लादेश से द्विपक्षीय संबंध और प्रगाढ़ करना चाहता है भारत

20 Feb 2026 18:30:53

नई दिल्ली, 20 फ़रवरी (हि.स.)। भारत ने कहा है कि वह तारिक रहमान सरकार के नेतृत्व में बांग्लादेश के साथ अपने बहुआयामी द्विपक्षीय संबंधों को और अधिक मजबूत करना चाहता है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को साप्ताहिक पत्रकार वार्ता में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पत्र का उल्लेख किया। जायसवाल ने कहा कि इसमें प्रधानमंत्री मोदी ने नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री तारिक रहमान को संबोधित करते हुए कहा कि भारत हमेशा से लोकतांत्रिक प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश को आगे बढ़ाने में मदद करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। दोनों देशों के बीच सोहार्दपूर्ण एवं ऐतिहासिक संबंध रहे हैं और भारत इसे और अधिक प्रगाढ़ करना चाहता है।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भारत सरकार का प्रतिनिधित्व किया था। रहमान के शपथ ग्रहण के बाद बिरला ने उनसे मुलाकात की थी और उन्हें प्रधानमंत्री मोदी का पत्र भी सौंपा था।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Powered By Sangraha 9.0