प्रधानमंत्री वीडियो कांफ्रेंसिंग से सेमीकंडकर सुविधा के शिलान्यास समारोह में लेंगे भाग

20 Feb 2026 20:05:53
pm modi


नई दिल्ली, 20 फ़रवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार शाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उत्तर प्रदेश के यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (वाईईआईडीए) परिसर में आयोजित एचसीएल-फॉक्सकॉन संयुक्त उद्यम परियोजना- इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड के शिलान्यास समारोह में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री इस अवसर पर सभा को संबोधित भी करेंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार एचसीएल-फॉक्सकॉन सेमीकंडक्टर संयंत्र की स्थापना भारत की तकनीकी आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। यह उच्चस्तरीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर विनिर्माण के लिए भारत को एक विश्वसनीय वैश्विक गंतव्य के रूप में स्थापित करने के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण को दर्शाती है।

वाईईआईडीए में स्थित यह आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट (ओएसएटी) संयंत्र इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संशोधित सेमीकंडक्टर असेंबली, टेस्टिंग, मार्किंग एंड पैकेजिंग (एटीएमपी) योजना के तहत 3,700 करोड़ रुपये से अधिक के कुल निवेश से स्थापित किया जाएगा।

यह परियोजना घरेलू विनिर्माण क्षमताओं को मजबूत करने, आयात पर निर्भरता कम करने और सुदृढ़ वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं का निर्माण करने के लिए सरकार के प्रयासों के अनुरूप है। इससे मोबाइल फोन, टैबलेट, लैपटॉप, ऑटोमोटिव, उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य उपकरणों जैसे प्रमुख क्षेत्रों को समर्थन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की उम्मीद है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Powered By Sangraha 9.0