
- प्रसिद्ध कोच रणधीर सिंह सेहरावत को ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया गया
नई दिल्ली, 20 फरवरी (हि.स.)। झारखंड कबड्डी एसोसिएशन (जेकेए), बिहार राज्य कबड्डी एसोसिएशन (बीएसकेए) और छत्तीसगढ़ कबड्डी एसोसिएशन (सीकेए) ने झारखंड बिहार छत्तीसगढ़ (जेबीसी) कबड्डी लीग नामक राज्य-स्तरीय कबड्डी टूर्नामेंट को मंजूरी दी है। यह लीग इस वर्ष की पहली छमाही में आयोजित की जाएगी। इसके उद्घाटन सत्र में तीनों राज्यों का प्रतिनिधित्व करती हुई कुल पांच टीमें भाग लेंगी।
जेबीसी कबड्डी लीग उभरती प्रतिभाओं को संगठित लीग प्रारूप, व्यवस्थित स्काउटिंग, खिलाड़ी नीलामी और पेशेवर अवसरों के माध्यम से व्यापक पहचान प्रदान करेगी। यह लीग दर्शकों की सहभागिता बढ़ाएगी, सामुदायिक गौरव को प्रोत्साहित करेगी और भारत में कबड्डी पारिस्थितिकी तंत्र के लिए आवश्यक स्थानीय बुनियादी ढाँचे के विकास का मार्ग प्रशस्त करेगी।
जेबीसी कबड्डी लीग का संयुक्त रूप से प्रमोशन भारतीय खेल उद्यमी रणविजय सिंह द्वारा किया जा रहा है। वे भोजपुरी इंडस्ट्री प्रीमियर लीग के निदेशक भी हैं और उत्तर प्रदेश कबड्डी लीग (यूपीकेएल) की टीम ‘अवध रामदूत्स’ के फ्रेंचाइजी मालिक हैं।
जेबीसी कबड्डी लीग के शुभारंभ पर प्रमोटर रणविजय सिंह ने कहा, “राज्य और स्थानीय लीग विकास के महत्वपूर्ण मार्ग हैं। झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ का कबड्डी से गहरा जुड़ाव है, जो विद्यालयों और सामुदायिक स्थानों पर व्यापक रूप से खेली जाती है। जेबीसी कबड्डी लीग इस विरासत को आगे बढ़ाते हुए एक संगठित मंच तैयार करती है, जो जमीनी स्तर की प्रतिभाओं को पेशेवर पारिस्थितिकी तंत्र से जोड़ता है। राज्य कबड्डी एसोसिएशनों के मजबूत सहयोग के साथ हमें विश्वास है कि हम कबड्डी को मुख्यधारा में लाने और इसे एक व्यवहार्य करियर विकल्प बनाने के अपने उद्देश्य में सफल होंगे।”
जमीनी स्तर पर भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए जेबीसी कबड्डी लीग ने रणधीर सिंह सेहरावत को ब्रांड एंबेसडर के रूप में भी जोड़ा है। “कोच साब” के नाम से प्रसिद्ध रणधीर सेहरावत ने भारतीय कबड्डी को खिलाड़ी और राष्ट्रीय स्तर के कोच के रूप में चार दशकों से अधिक समय समर्पित किया है। वे अर्जुन पुरस्कार (1997) और राष्ट्रीय नागरिक पुरस्कार (1991) से सम्मानित हैं और राष्ट्रीय नागरिक पुरस्कार प्राप्त करने वाले पहले कबड्डी खिलाड़ी हैं। उन्होंने सीनियर नेशनल, फेडरेशन कप और ऑल इंडिया रेलवे चैंपियनशिप सहित प्रमुख टूर्नामेंटों में कुल 93 पदक जीते हैं।
जेबीसी कबड्डी लीग एक फ्रेंचाइजी-आधारित पेशेवर कबड्डी लीग है, जिसकी स्थापना झारखंड कबड्डी एसोसिएशन, बिहार राज्य कबड्डी एसोसिएशन और छत्तीसगढ़ कबड्डी एसोसिएशन के संयुक्त प्रयास से की गई है। ये तीनों एसोसिएशन एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया से संबद्ध हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह