कार्लोस अल्कराज ने कतर ओपन के सेमीफाइनल में बनाई जगह, जैनिक सिनर बाहर

20 Feb 2026 13:39:53
स्पेन के स्टार टेनिस खिलाड़ी कार्लोस अल्कराज़


दोहा, 20 फरवरी (हि.स.)। कतर ओपन टेनिस टूर्नामेंट में गुरुवार को खेले गए क्वार्टरफाइनल मुकाबलों में रोमांच चरम पर रहा। स्पेन के स्टार खिलाड़ी कार्लोस अल्कराज़ ने करेन खाचानोव को कड़े संघर्ष में हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया, जबकि इटली के जैनिक सिनर को याकुब मेंसिक के हाथों हार झेलनी पड़ी।

ऑस्ट्रेलियन ओपन में करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने के बाद अपना पहला टूर्नामेंट खेल रहे अल्कराज़ ने खाचानोव को 6-7 (3/7), 6-4, 6-3 से मात दी।

पहला सेट टाई-ब्रेक में गंवाने के बाद उन्होंने शानदार वापसी करते हुए अगले दो सेट जीतकर मुकाबला अपने नाम किया।

अब सेमीफाइनल में अल्कराज़ का सामना आंद्रे रुबलेव से होगा। रुबलेव ने अपने क्वार्टरफाइनल में स्टेफानोस सित्सिपास को 6-3, 7-6 (7/2) से हराया।

दूसरी ओर, विश्व नंबर दो सिनर का अभियान यहीं समाप्त हो गया। उन्हें छठी वरीयता प्राप्त याकुब मेंसिक ने 7-6 (7/3), 2-6, 6-3 से पराजित किया।

मेंसिक ने जीत के बाद कहा कि वह मुकाबले में जीत की मानसिकता के साथ उतरे थे। अब सेमीफाइनल में उनका सामना फ्रांस के आर्थर फिल्स से होगा, जिन्होंने जिरी लेहेका को सीधे सेटों में हराकर अंतिम चार में जगह बनाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0