मुख्यमंत्री रेखा ने सराय काले खां स्थित नमो भारत कॉरिडोर का किया निरीक्षण

21 Feb 2026 20:58:53
सराय काले खां स्थित नमो भारत कॉरिडोर का शनिवार को निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा करती मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता


नई दिल्ली, 21 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को सराय काले खां स्थित नमो भारत कॉरिडोर का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को तय समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए दिल्ली की कनेक्टिविटी को बेहतर और सुगम बनाने वाले इस नमो भारत कॉरिडोर के लिए समस्त दिल्लीवासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 22 फरवरी को भारत की पहली नमो भारत रीजनल रैपिड ट्रांसिट सिस्टम (आरआरटीएस) का उद्घाटन करेंगे और 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इनमें दिल्ली में सराय काले खान और न्यू अशोक नगर के बीच का 5 किलोमीटर का खंड और उत्तर प्रदेश में मेरठ साउथ और मोदीपुरम के बीच का 21 किलोमीटर का खंड शामिल है। 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के साथ, नमो भारत भारत की पहली क्षेत्रीय तीव्र पारगमन प्रणाली है। नमो भारत से साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर और मेरठ जैसे प्रमुख शहरी केंद्र दिल्ली से अधिक तेजी से जुड़ पाएगें।

कॉरिडोर का शुरुआती स्टेशन सराय काले खान, इस उद्घाटन के साथ शुरू होने वाले चार नमो भारत स्टेशनों में से एक है। यह रणनीतिक रूप से एक प्रमुख मल्टी-मॉडल हब के रूप में स्थित है, जो हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन, वीर हकीकत राय आईएसबीटी और रिंग रोड को सरलता से जोड़ता है। शुरू होने वाले अन्य तीन नमो भारत स्टेशन शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम मेरठ में हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Powered By Sangraha 9.0