रिश्वत लेते लोकायुक्त के जाल में फंसे भाजपा विधायक डॉ. चंद्रू लामणि

21 Feb 2026 21:18:53
Chandru lamani


गदग, 21 फ़रवरी (हि.स.)। लोकायुक्त के अधिकारियों ने शनिवार को कर्नाटक के गदग जिले के शिरहट्टी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक डॉ. चंद्रू लामणि को एक ठेकेदार से कथित तौर पर 5 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा और गिरफ्तार कर लिया है।

गदग तालुक के चिंचली गांव के ठेकेदार विजयराज एस. पूजार की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई। आरोप है कि लघु सिंचाई विभाग के कार्यों के संबंध में कुल 11 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की गई थी और पहले चरण में 5 लाख रुपये लेते समय लोकायुक्त की टीम ने यह कार्रवाई की।

लक्ष्मेश्वर कस्बे में विधायक के स्वामित्व वाले बालाजी अस्पताल में कथित रूप से पैसे लेते समय लोकायुक्त अधिकारियों ने छापा मारा। मौके से 4.5 लाख रुपये बरामद किए गए। साथ ही 50 हजार रुपये बाहर फेंकने की कोशिश किए जाने का भी आरोप है। उक्त राशि को भी अधिकारियों ने जब्त कर लिया है।

इस मामले में विधायक के करीबी सहयोगी मंजुनाथ वाल्मीकि तथा गुरु लामाणी को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

लोकायुक्त की कार्रवाई की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता अस्पताल के बाहर जमा हो गए। उन्होंने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए मंत्री एच के पाटिल के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

लोकायुक्त अधिकारियों ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है, हालांकि अब तक विधायक की औपचारिक गिरफ्तारी को लेकर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा

Powered By Sangraha 9.0