
काठमांडू, 21 फरवरी (हि.स.)। नेपाल के दक्षिणी शहर गौर में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प के बाद प्रभावित क्षेत्रों में शनिवार से कर्फ्यू लगा दिया गया है। सेना ने भी मोर्चा संभाल लिया है, लेकिन रौतहट के गौर के आंतरिक क्षेत्रों में कर्फ्यू के बावजूद आगजनी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।
जिला प्रशासन द्वारा कर्फ्यू लगाए जाने और नेपाली सेना की तैनाती के बावजूद आगजनी की कई घटनाएं सामने आई हैं। मुख्य सड़कों पर स्थिति काबू में आने की जानकारी मिली है जबकि भीतरी क्षेत्र में कई वाहनों में आगजनी की खबर है।
दो समुदायों के बीच हुई झड़प के उग्र रूप लेने के बाद रौतहट के सदरमुकाम गौर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। स्थिति नियंत्रण से बाहर जाने की आशंका के मद्देनज़र स्थानीय प्रशासन ने शनिवार दोपहर एक बजे से कर्फ्यू आदेश जारी करते हुए शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए नेपाली सेना को तैनात किया है। सैन्य तैनाती के बाद गौर की मुख्य सड़कें और चौराहे सुनसान और शांत दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, सुरक्षा घेराबंदी से बाहर स्थित अंदरूनी बस्तियों और गलियों में छिटपुट आगजनी की घटनाएं अभी भी जारी हैं।
कर्फ्यू और सेना की गश्त के बीच गौर स्थित मचकुटिया टोल में हाल ही में दो वैन, तीन स्कॉर्पियो गाड़ी और एक स्कूटर को आग के हवाले कर दिया गया। जिला सुरक्षा समिति के निर्णय के अनुसार सेना की टुकड़ी संवेदनशील क्षेत्रों में ‘फ्लैग मार्च’ और गश्त कर रही है। अब तक प्रदर्शनकारियों ने 9 मोटरसाइकिल और 8 अन्य वाहन आग के हवाले कर दिए। सेना ने स्थिति को और भड़कने से रोकने तथा नागरिकों के जानमाल की सुरक्षा के लिए अंदरूनी इलाकों में भी निगरानी बढ़ा दी है।
मुख्य जिला अधिकारी दिनेश सागर भूसाल ने कहा, “दक्षिण दिशा में गौर भंसार कार्यालय तक के क्षेत्र में कर्फ्यू लागू किया गया है। स्थिति को और गंभीर होने से रोकने के लिए सुरक्षा के सभी इकाइयों को सक्रिय किया गया है।”
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास