संघ प्रमुख मोहन भागवत दो दिवसीय प्रवास पर देहरादून पहुंचे

21 Feb 2026 22:02:54
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत फाइल चित्र।


-22-23 फरवरी को प्रमुख जन और पूर्व सैनिकों से करेंगे संवाद

देहरादून, 21 फरवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहनराव भागवत दो दिवसीय प्रवास पर शनिवार रात देहरादून पहुंचे हैं। इस दौरान वे 22-23 फरवरी को प्रमुख जन और पूर्व सैनिकों के साथ संवाद करेंगे।

उत्तराखंड प्रांत कार्यालय, भागीरथ देवस कुंज (15 तिलक रोड) पर डॉ. मोहनराव भागवत रात्रि साढ़े नौ बजे के करीब पहुंचे। उनके आगमन पर संघ पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों ने उनका स्वागत किया। यह प्रवास संघ के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।

संघ की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 22 फरवरी को सरसंघचालक उत्तराखंड प्रांत के प्रमुख जनों के साथ दोपहर में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस संवाद में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय एवं नेतृत्वकारी भूमिका निभा रहे व्यक्तियों को आमंत्रित किया गया है।

23 फरवरी को प्रातः वे तिलक रोड स्थित शाखा पर स्वयंसेवकों के साथ परिचय और इसके उपरांत महानगर कार्यकारिणी की बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, विस्तार योजनाओं और आगामी कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा करेंगे। इसी दिन उत्तराखंड प्रांत के सेवानिवृत्त सैनिकों के साथ भी विशेष संवाद कार्यक्रम प्रस्तावित है।

संघ सूत्रों के अनुसार, प्रवास के दौरान डॉ. भागवत कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों के साथ समसामयिक विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे। निर्धारित कार्यक्रमों के पश्चात वे 23 फरवरी की शाम देहरादून से रवाना हो जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Powered By Sangraha 9.0