दुबई चैम्पियनशिप 2026: एलिना स्वितोलिना ने कोको गॉफ को हराकर फाइनल में बनाई जगह, जेसिका पेगुला से होगा मुकाबला

21 Feb 2026 10:23:53
यूक्रेन की स्टार खिलाड़ी एलिना स्वितोलिना


दुबई, 21 फ़रवरी (हि.स.)। दुबई में खेले जा रहे दुबई चैम्पियनशिप 2026 के महिला एकल सेमीफाइनल में शुक्रवार रात यूक्रेन की स्टार खिलाड़ी एलिना स्वितोलिना ने अमेरिका की कोको गॉफ को 6-4, 6-7(13), 6-4 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब खिताबी मुकाबले में उनका सामना जेसिका पेगुला से होगा।

एलिना स्वितोलिना ने विश्व नंबर चार कोको गॉफ के खिलाफ हालिया जीत की लय को बरकरार रखा। पिछले महीने ऑस्ट्रेलियन ओपन के क्वार्टरफाइनल में सीधे सेटों में जीत दर्ज करने के बाद यह उनकी गॉफ पर लगातार दूसरी जीत है। लगभग तीन घंटे तक चले इस रोमांचक मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

पहले सेट में दो बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन कोको गॉफ डबल फॉल्ट से जूझती नजर आईं, जिसका फायदा उठाते हुए स्वितोलिना ने 6-4 से सेट अपने नाम कर लिया। दूसरे सेट में गॉफ ने जोरदार वापसी की और अपने जुझारू खेल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबले को टाईब्रेक तक पहुंचाया। 15-13 के रोमांचक टाईब्रेक में गॉफ ने चार मैच प्वाइंट बचाकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया, जिससे दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

निर्णायक तीसरे सेट में मुकाबला बेहद करीबी रहा। नौवां गेम अहम साबित हुआ, जो कई बार ड्यूस तक पहुंचा। आखिरकार स्वितोलिना ने संयम बनाए रखते हुए 5-4 की बढ़त बनाई और फिर सर्विस होल्ड करते हुए मैच अपने नाम कर लिया।

मैच के बाद स्वितोलिना ने कहा, “इतनी कड़ी टक्कर के बाद मैं शब्दों में अपनी भावना व्यक्त नहीं कर सकती। मैंने हर पॉइंट ऐसे खेला जैसे कोई कल नहीं है। फाइनल में दोबारा पहुंचना मेरे लिए बेहद खास है। कोको एक बड़ी फाइटर हैं और मुझे उनकी वापसी की उम्मीद थी।”

दूसरे सेमीफाइनल में जेसिका पेगुला ने अपनी हमवतन अमांडा अनिसिमोवा को 1-6, 6-4, 6-3 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। अब खिताबी मुकाबले में स्वितोलिना और पेगुला के बीच रोमांचक भिड़ंत देखने को मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0