अटल-अजीत मेमोरियल क्रिकेट ट्रॉफी के फाइनल में उत्तर प्रदेश ने बाजी मारी, बिहार उपविजेता

21 Feb 2026 21:02:53
fe544f57871b3ec449df5aed32748bf5_1426930703.jpg


—दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों का प्रदर्शन किसी भी स्तर पर सामान्य क्रिकेट खिलाड़ियों से कम नहीं: राजन श्रीवास्तव

वाराणसी, 21 फरवरी (हि.स.)। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई और पद्मश्री अजीत वाडेकर की स्मृति में आयोजित अटल–अजीत मेमोरियल टी-20 नेशनल दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला शनिवार को काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के रुइया मैदान (मेडिकल ग्राउंड) पर सम्पन्न हुआ। बेस्ट ऑफ-3 प्रारूप में खेले गए फाइनल में उत्तर प्रदेश ने बिहार को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि बिहार उपविजेता रहा।

—दूसरे मुकाबले में बिहार की जीत

प्रतियोगिता के दूसरे दिन खेले गए मैच में उत्तर प्रदेश के कप्तान सुबोध राय ने टॉस जीतकर बिहार को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। बिहार ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट पर 154 रन बनाए। अजय कुमार ने तीन चौकों की मदद से सर्वाधिक 28 रन बनाए। उत्तर प्रदेश की ओर से जे.पी. सिंह ने चार ओवर में 41 रन देकर तीन विकेट झटके। 155 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए उत्तर प्रदेश की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। विकेटकीपर कासिम खान ने 55 रनों की अर्धशतकीय पारी खेलकर उम्मीदें जगाईं, लेकिन टीम 19 ओवर में 144 रन पर ऑलआउट हो गई। बिहार के हरफनमौला खिलाड़ी संजूर आलम को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

—निर्णायक मुकाबले में यूपी की दमदार वापसी

तीसरे और निर्णायक मुकाबले में एक बार फिर सुबोध राय ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। उत्तर प्रदेश ने रंजीत वर्मा की 37 गेंदों में 51 रनों की आक्रामक पारी की बदौलत 5 विकेट पर 149 रन बनाए। बिहार की ओर से राजीव और अमित कुमार ने एक-एक विकेट लिया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए बिहार ने तेज शुरुआत की और पहले सात ओवर में 72 रन जोड़े। हालांकि अमित कुमार के आउट होते ही विकेटों का पतन शुरू हो गया और टीम 9 विकेट पर 105 रन ही बना सकी। उत्तर प्रदेश की ओर से कुमार राहुल, दिनेश और जे.पी. सिंह ने तीन-तीन विकेट हासिल किए।

कुमार राहुल को फाइनल का मैन ऑफ द मैच चुना गया। अन्य पुरस्कारों में उत्तर प्रदेश के रंजीत वर्मा को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, जे पी सिंह को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और बिहार के अजय कुमार को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक का पुरस्कार दिया गया। उत्तर प्रदेश के जेपी सिंह को पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ़ द सीरीज के पुरस्कार से सम्मानित किया गया । आशीष सेठ व अमूल्य उपाध्याय ने कमेंट्री किया।

इसके पहले समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व रणजी खिलाड़ी राजन श्रीवास्तव ने कहा कि दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों का प्रदर्शन किसी भी स्तर पर सामान्य खिलाड़ियों से कम नहीं है। उन्होंने बताया कि जल्द ही मुंबई में दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन प्रस्तावित है। ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव डॉ. संजय चौरसिया ने बताया कि काशी में पिछले 10 वर्षों से विभिन्न खेलों का नियमित आयोजन हो रहा है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा ने कहा कि दिव्यांग क्रिकेट में ‘हार’ शब्द का स्थान नहीं है, यहां खिलाड़ी केवल ‘जीतते’ या ‘लड़ते’ हैं। उन्होंने भविष्य में उत्तर प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित कराने की भी घोषणा की। कार्यक्रम का संचालन मदन मोहन वर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. तुलसी दास ने प्रस्तुत किया।

समापन समारोह में रोहन श्रीवास्तव, तुसी भटनागर, डॉ मनोज तिवारी मीडिया प्रभारी, मोहित महाराज, जेपी सिंह, युग तिवारी संयोजक, अभिषेक पांडेय सहसंयोजक, प्रदीप सोनी, डॉ संतोष पांडेय प्रदीप राजभर आदि भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Powered By Sangraha 9.0