
काठमांडू, 22 फरवरी (हि.स.)। नेपाल के उद्योग, वाणिज्य तथा आपूर्ति मंत्री अनिल कुमार सिन्हा ने कहा है कि पेट्रोलियम पदार्थों में 10 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण करने से नेपाल को प्रतिवर्ष लगभग 600 करोड़ रुपये की बचत करके पेट्रोलियम आयात में कमी लाई जा सकती है।
राजधानी में रविवार को एक कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने का निर्णय लंबे अध्ययन और व्यापक चर्चा के बाद अब क्रियान्वयन के चरण में पहुंच गया है। उनका दावा है कि इस पहल से व्यापार घाटा कम करने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा। मंत्री सिन्हा ने उल्लेख किया कि इथेनॉल मिश्रण संबंधी अध्ययन पिछले दो दशकों से किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि वर्तमान में पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने संबंधी आदेश स्वीकृत हो चुका है और यह नीति राजपत्र में प्रकाशित होकर लागू होने की प्रक्रिया में है।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल में इथेनॉल का मिश्रण स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मंत्री सिन्हा ने स्पष्ट किया कि यदि पेट्रोलियम पदार्थों में 10 प्रतिशत इथेनॉल मिलाया जाए, तो नेपाल में प्रतिवर्ष 13 करोड़ लीटर पेट्रोल का आयात घटाया जा सकता है। इससे लगभग 600 करोड़ रुपये के बराबर विदेशी मुद्रा की बचत होगी। यह नेपाल के लोगों की मेहनत की कमाई की रक्षा करेगा। बचाई गई यह राशि स्थानीय स्तर पर एक नए आर्थिक चक्र को गति दे सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास