राष्ट्रपति भवन में 23 फरवरी को ‘राजाजी उत्सव’, सी. राजगोपालाचारी की प्रतिमा का होगा अनावरण: प्रधानमंत्री

22 Feb 2026 11:59:53
मन की बात का लोगो


नई दिल्ली, 22 फरवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि 23 फरवरी को राष्ट्रपति भवन में ‘राजाजी उत्सव’ मनाया जाएगा। इस अवसर पर राष्ट्रपति भवन के केन्द्रीय प्रांगण में स्वतंत्र भारत के पहले भारतीय गवर्नर जनरल सी. राजगोपालाचारी की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा।

अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 131वें एपिसोड में प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश गुलामी के प्रतीकों को पीछे छोड़कर भारत की संस्कृति से जुड़ी चीजों को महत्व देने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इसी क्रम में राष्ट्रपति भवन ने भी एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है और ‘राजाजी उत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सी. राजगोपालाचारी उन महान व्यक्तित्वों में थे जिन्होंने सत्ता को पद की तरह नहीं, बल्कि सेवा की तरह देखा। सार्वजनिक जीवन में उनका आचरण, आत्मसंयम और स्वतंत्र चिंतन आज भी देशवासियों को प्रेरित करता है।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को भी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बच्चे ‘एग्जाम वॉरियर्स’ हैं और उन्हें स्वयं पर विश्वास रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी छात्र का मूल्य उसकी मार्कशीट से तय नहीं होता। जो पढ़ा है उसे पूरे मन से लिखें और किसी एक कठिन प्रश्न को अपने मन पर हावी न होने दें। उन्होंने विद्यार्थियों को माता-पिता और शिक्षकों से संवाद बनाए रखने की सलाह दी और विश्वास जताया कि वे परीक्षा और जीवन दोनों में सफलता प्राप्त करेंगे।

प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता को भी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि अम्मा जयललिता जैसी लोकप्रिय नेता जनता के दिलों में हमेशा जीवित रहती हैं। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई सराहनीय प्रयास किए, जिन्हें हमेशा याद किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Powered By Sangraha 9.0