असम के हैलाकांदी में 5 करोड़ की याबा टैबलेट के साथ दाे तस्कर गिरफ्तार

युगवार्ता    23-Feb-2026
Total Views |
Image Related to the Five Crore Worth Yaba Tablets Seized in Hailakandi Police Operation and Two Arrested


हैलाकांदी (असम), 23 फरवरी (हि.स.)। असम में चल रहे ड्रग्स विरोधी अभियान के तहत हैलाकांदी पुलिस ने सोमवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब पांच करोड़ रुपये की याबा टैबलेट जब्त की और दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया।

विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस की एक टीम ने जिले के बोआलगढ़ प्रथम खंड क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान एमजेड-01आर-6434 नंबर की एक संदिग्ध महिंद्रा टीयूवी वाहन को रोका गया।

वाहन की गहन तलाशी लेने पर पुलिस को अंदर विशेष रूप से तैयार किया गया एक गुप्त चेंबर मिला, जिसमें प्रतिबंधित नशीला पदार्थ छिपाकर रखा गया था। इस गुप्त चेंबर से पुलिस ने 12 अलग-अलग पैकेटों में रखी गई कुल 1.21 लाख याबा टैबलेट बरामद की।

सूत्रों के अनुसार, जब्त की गई नशीली टैबलेटों की अनुमानित बाजार कीमत लगभग पांच करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसे जिले में इस वर्ष की बड़ी बरामदगियों में से एक माना जा रहा है।

इस मामले में पुलिस ने मौके से मिस मार्ची पिल्लई और थोंगजागिन हाओकिप नामक दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को फिलहाल पुलिस हिरासत में रखकर पूछताछ की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि कहीं यह खेप किसी बड़े अंतरराज्यीय या अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क से जुड़ी तो नहीं है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Tags