कांग्रेस को अब उसके अपने नेता भी नकार रहे : त्रिवेदी

युगवार्ता    23-Feb-2026
Total Views |
भाजपा मुख्याल में  पत्रकार वार्ता को संबोधित करते सुधांशु त्रिवेदी


नई दिल्ली, 23 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेता मार्गरेट अल्वा के युवा कांग्रेस द्वारा एआई शिखर सम्मेलन में अर्धनग्न प्रदर्शन की आलोचना को लेकर कहा कि कांग्रेस देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के साथ-साथ जनता का सिर्फ अहित करती है। उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस को उनके सहयोगी और जनता नकारते थे, अब उनके नेता भी उन्हें नकार रहे हैं।

भाजपा प्रवक्ता एवं राज्यसभा सदस्य सुधांशु त्रिवेदी ने यहां पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में एआई शिखर सम्मेलन में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अर्धनग्न प्रदर्शन को शर्मनाक करार दिया। उन्होंने इस पर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मार्गरेट अल्वा और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा निंदा करने को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव पहले ही कह चुके हैं कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर ऐसा काम करना शर्मनाक है। अब कांग्रेस के अंदर भी विरोध के स्वर उठ रहे हैं। कांग्रेस की हरकत निंदनीय और शर्मनाक है।

उन्होंने इसे क्षुब्ध करने वाला बताते हुए कहा कि इस सम्मेलन में एक ओर जहां हमारी बुद्धिमत्ता और उच्च गुणवत्ता का प्रदर्शन हुआ तो वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस की नीचता का प्रदर्शन हुआ। कांग्रेस की इस हरकत से पूरा देश क्षुब्ध है। कांग्रेस के इस आचरण की वजह से अभी तक जनता और उनका गठबंधन ही उन्हें नकार रहा था, अब पार्टी के वरिष्ठ नेता भी नकारने लगे हैं। देश की क्षवि को धूमिल करना कांग्रेस का आचरण रहा है।

उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के मुस्लिमों से जुड़े बयान पर कहा कि रेड्डी ने कुछ दिन पहले कहा था कि 'कांग्रेस है तो मुसलमान हैं और मुसलमान हैं तो कांग्रेस है।' और अब कहते हैं कि 'अगर गांधी परिवार को कोई आर्थिक आवश्यकता पड़ती है तो तेलंगाना के कांग्रेस कार्यकर्ता आसानी से 1000 करोड़ रुपये जुटाकर उन्हें दे सकते हैं।' वह देश के पैसे को अपना पैसा समझते हैं। यह कांग्रेस शासित राज्यों की मनोदशा है।

उन्होंने कांग्रेस की हकीकत सबके सामने आने की बात करते हुए बताया कि इन बयानों से कांग्रेस का एक और स्वरूप सबके सामने आ गया है। एआई शिखर सम्मेलन में कांग्रेस की हकीकत पहले ही सबके सामने आ चुकी थी। अब बची हुई हकीकत रेवंत रेड्डी के इस बयान से सामने आ गई है। उनका यह बयान दर्शाता है कि यह तेलंगाना की जनता के साथ कितना बड़ा अन्याय है।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस नेता मार्गरेट अल्वा ने एआई शिखर सम्मेलन में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन की आलोचना की। एक कार्यक्रम में मीडिया के सवालों पर उन्होंने कहा कि ऐसे अवसरों पर जिम्मेदारी के साथ व्यवहार किया जाना चाहिए। सभी को अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के दौरान गरिमा, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना रखनी चाहिए।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags