प्रधानमंत्री मार्क कार्नी का इंडो-पैसिफिक दौरा : भारत, ऑस्ट्रेलिया और जापान के साथ व्यापार व निवेश संबंधों को नई मजबूती

23 Feb 2026 20:02:53

ओटावा, 23 फरवरी (हि.स.)। वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच कनाडा की नई सरकार घरेलू अर्थव्यवस्था को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापार विविधीकरण और निवेश आकर्षित करने पर जोर दे रही है। इसी क्रम में कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी 26 फरवरी से 07 मार्च तक भारत, ऑस्ट्रेलिया और जापान की आधिकारिक यात्रा करेंगे।

इस दौरे का उद्देश्य व्यापार, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और रक्षा जैसे क्षेत्रों में नए अवसरों को खोलना और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में कनाडा की रणनीतिक साझेदारियों को गहरा करना है।

भारत दौरा: व्यापक आर्थिक साझेदारी पर जोर

प्रधानमंत्री कार्नी पहले मुंबई और फिर नई दिल्ली जाएंगे, जहां उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से होगी। दोनों नेता व्यापार, ऊर्जा, तकनीक, एआई, प्रतिभा आदान-प्रदान, संस्कृति और रक्षा सहयोग को विस्तार देने पर चर्चा करेंगे।

भारत वर्तमान में कनाडा का सातवां सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। 2024 में दोनों देशों के बीच 30.8 अरब डॉलर का द्विपक्षीय व्यापार हुआ। पिछले वर्ष जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों देशों ने एक व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते पर औपचारिक वार्ता शुरू करने पर सहमति जताई थी, जिसका लक्ष्य 2030 तक व्यापार को 70 अरब डॉलर तक पहुंचाना है।

ऑस्ट्रेलिया: रक्षा और समुद्री सुरक्षा पर फोकस

भारत के बाद कार्नी सिडनी और कैनबरा जाएंगे, जहां वे प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बानीज से मुलाकात करेंगे। रक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिज, व्यापार और उन्नत प्रौद्योगिकी इस वार्ता के प्रमुख मुद्दे होंगे।

कार्नी ऑस्ट्रेलिया की संसद के दोनों सदनों को संबोधित करेंगे, करीब 20 वर्षों में किसी कनाडाई प्रधानमंत्री का यह पहला ऐसा संबोधन होगा। 2024 में दोनों देशों के बीच 6.1 अरब डॉलर का व्यापार हुआ, जबकि ऑस्ट्रेलिया में कनाडा का प्रत्यक्ष निवेश 58.8 अरब डॉलर रहा।

जापान: स्वच्छ ऊर्जा और रणनीतिक सहयोग

दौरे के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री कार्नी टोक्यो पहुंचेंगे, जहां उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री साने ताकाइची से होगी। दोनों देश स्वच्छ ऊर्जा, उन्नत विनिर्माण, महत्वपूर्ण खनिज और खाद्य सुरक्षा के क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने पर चर्चा करेंगे।

जापान दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और कनाडा का एक प्रमुख व्यापारिक साझेदार है। दोनों देशों के बीच वार्षिक द्विपक्षीय व्यापार 36.4 अरब डॉलर का है।

प्रधानमंत्री कार्नी ने कहा कि बदलती वैश्विक परिस्थितियों में कनाडा अपने नियंत्रण वाले क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। उन्होंने कहा, “हम अपने व्यापार को विविध बना रहे हैं और बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित कर रहे हैं, ताकि देश में अधिक सुरक्षा, स्थिरता और समृद्धि सुनिश्चित की जा सके।”

यह दौरा इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में कनाडा की सक्रिय रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसका उद्देश्य सुरक्षित, खुला और समृद्ध भविष्य सुनिश्चित करना है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0