भारत–गुयाना संबंधों को बहुआयामी क्षेत्रों में विस्तार देने पर सहमति

23 Feb 2026 18:35:54
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन सोमवार को गुयाना के उपराष्ट्रपति डॉ. भारत जगदेव के साथ मुलाकात के दौरान


नई दिल्ली, 23 फरवरी (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से सोमवार को यहां उपराष्ट्रपति भवन में गुयाना के उपराष्ट्रपति डॉ. भारत जगदेव ने शिष्टाचार भेंट की। बैठक में दोनों नेताओं ने भारत–गुयाना संबंधों को विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में और मजबूत बनाने के उपायों पर व्यापक चर्चा की।

डॉ. जगदेव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की निर्णायक लीडरशिप और यूपीआई के जरिए डिजिटल गवर्नेंस और फाइनेंशियल इनक्लूजन में भारत की तेजी से हो रही प्रगति की सराहना की। दोनों पक्षों ने गुयाना में भी ऐसे ही डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना मॉडल को बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा की।

चर्चा में स्वास्थ्य प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन, कृषि अनुसंधान तथा दोनों देशों के बीच संपर्क और आपूर्ति शृंखला सुदृढ़ करने जैसे विषयों पर सहयोग बढ़ाने पर बल दिया गया। इसके अतिरिक्त सूचना प्रौद्योगिकी, नीली अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, अंतरिक्ष, रक्षा, शिक्षा, जैव विविधता संरक्षण और जलवायु कार्रवाई के क्षेत्रों में साझेदारी की संभावनाएं भी तलाश की गईं।

गुयाना के प्रतिनिधिमंडल ने क्षमता निर्माण और कौशल विकास के तरीकों के तौर पर भारत के ई-माइग्रेट प्लेटफॉर्म और इंडियन टेक्निकल एंड इकोनॉमिक कोऑपरेशन (आईटीईसी) प्रोग्राम में दिलचस्पी दिखाई। दोनों नेताओं ने क्रिकेट के प्रति अपने साझा उत्साह का उल्लेख किया और इस खेल में गुयाना के योगदान की सराहना की।

वैश्विक दक्षिण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए दोनों उपराष्ट्रपतियों ने अंतरराष्ट्रीय मंचों, विशेषकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) तथा समुद्र विधि के लिए अंतरराष्ट्रीय न्यायाधिकरण, पर समन्वित प्रयासों के माध्यम से विकासशील देशों की आवाज को सशक्त बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Powered By Sangraha 9.0