श्रीलंका की नौसेना ने पंबन से 12 मछुआरों को गिरफ्तार किया

युगवार्ता    23-Feb-2026
Total Views |
मछुआरों


रामेश्वरम, 23 फरवरी (हि.स.)। श्रीलंका की नौसेना ने तमिलनाडु के 12 मछुआरों को पंबन में गिरफ्तार किया है। इससे क्षेत्र के मछुआरों मेंआक्रोश पैदा हो गया है।

बताया गया है कि 12 मछुआरे बंदरगाह से अनुमति लेकर मछली पकड़ने समुद्र में गए थे। इन लोगों को धनुषकोडी और थलाइमन्नार बीच के पास आई श्रीलंका की नौसेना ने इनकी मोटरबोट को दबोचते हुए गिरफ्तार कर लिया। उन्हें मन्नार नौसैनिक शिविर ले जाने की योजना बनाई गई है।

कच्चतीवु उत्सव के आयोजन से पहले 12 मछुआरों की गिरफ्तारी की एआईटीयूसी मछुआरा संघ ने कड़ी निंदा की है। संघ के अखिल भारतीय उपाध्यक्ष सेंथिलवेल ने बयान में कहा कि रामेश्वरम और मंडपम क्षेत्रों से मछली पकड़ने गए 12 मछुआरों को कच्चतीवु और नेदुंथीवु के पास मछली पकड़ते समय श्रीलंकाई नौसेना ने घेरकर गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी से मछुआरा गांवों में भारी आक्रोश फैल गया है।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में मछुआरों की गिरफ्तारी के मुद्दे पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने केंद्रीय विदेशमंत्री एस. जयशंकर को पत्र लिखा था। उन्होंने कहा था कि मछुआरों की गिरफ्तारियां लगातार जारी हैं और इससे तटीय क्षेत्रों में रहने वाले मछुआरा परिवारों की आजीविका प्रभावित हो रही है। तमिलनाडु और पुडुचेरी के मछुआरे जब मन्नार की खाड़ी और पाक जलडमरूमध्य क्षेत्र में मछली पकड़ते हैं, तो श्रीलंकाई नौसेना द्वारा उन्हें गिरफ्तार किया जाना आम बात हो गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Tags