चेन्नई, 23 फ़रवरी (हि.स.)। तमिलनाडु में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया पूरी होने के बाद आज 23 फरवरी को भारतीय निर्वाचन आयोग ने राज्य की अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी। राज्यभर में मतदाता सूची के विशेष संशोधन का कार्य पिछले वर्ष 4 नवंबर से शुरू हुआ था।
इस अभियान के तहत मृत मतदाताओं, स्थायी रूप से स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं तथा एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए। लगभग 40 दिनों तक चले इस अभियान का समापन 14 दिसंबर को हुआ। इसके बाद 19 दिसंबर को जारी प्रारूप मतदाता सूची में 5.43 करोड़ मतदाता शामिल थे।
विशेष गहन पुनरीक्षण से पहले तमिलनाडु में कुल 6,41,14,587 मतदाता थे। संशोधन के बाद जारी प्रारूप सूची में यह संख्या घटकर 5,43,76,757 रह गई। यानी कुल 97,37,831 मतदाताओं के नाम हटाए गए।
चुनाव आयोग के अनुसार, लगभग 27 लाख मृत मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। 66,45,000 मतदाता ऐसे थे जो स्थायी रूप से स्थानांतरित हो चुके थे या दिए गए पते पर निवास नहीं कर रहे थे। शेष नाम दोहरी प्रविष्टि एवं अन्य कारणों से हटाए गए।
चुनाव आयोग की तरफ से बताया गया कि स्थायी रूप से स्थानांतरित या पते पर न रहने के कारण हटाए गए 66,45,000 लोगों को पुनः पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 भरने का अवसर दिया गया। इसके लिए समय सीमा बढ़ाई गई और विशेष शिविर भी आयोजित किए गए।
नाम जोड़ने के लिए 17.10 लाख लोगों ने आवेदन किया, नाम हटाने के लिए 1.84 लाख और सुधार के लिए 5.51 लाख लोगों ने आवेदन किया। इस प्रकार कुल 24.47 लाख ऑफलाइन आवेदन प्राप्त हुए। इसके अतिरिक्त 10.28 लाख ऑनलाइन आवेदन भी प्राप्त हुए। कुल मिलाकर 34,75,717 आवेदन प्राप्त हुए, जिनकी जांच प्रक्रिया 10 फरवरी को पूरी की गई।
अंतिम मतदाता सूची के अनुसार प्रमुख जिलों का विवरण इस प्रकार है:
कांचीपुरम जिलापुरुष – 5,78,080महिला – 6,13,917तृतीय लिंग – 197कुल – 11,92,194 मतदाता
विरुधुनगर जिलापुरुष – 7,28,539महिला – 7,68,862कुल – 14,97,417 मतदाता
धर्मपुरी जिलापुरुष – 6,24,647महिला – 6,15,311तृतीय लिंग – 150कुल – 12,40,108 मतदाता
रामनाथपुरम जिलापुरुष – 5,56,321महिला – 5,66,653तृतीय लिंग – 55कुल – 11,23,029 मतदाता
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि अंतिम मतदाता सूची राज्य के सभी जिलों में प्रकाशित कर दी गई है और इसे संबंधित कार्यालयों तथा आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध कराया गया है।------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV