भारत-चीन सीमा पर चिन्यालीसौड़ में वायुसेना का रात्रि प्रशिक्षण शुरू

23 Feb 2026 22:09:53
उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी पर भारतीय वायुसेना के जहां लैंड करते हुए।


- भारतीय वायुसेना ने चिन्यालीसौड़ में शुरू किया रात्रि प्रशिक्षण

उत्तरकाशी, 23 फ़रवरी (हि.स.)। वायुसेना ने उत्तरकाशी जनपद स्थित चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी पर दस दिवसीय रात्रि प्रशिक्षण अभ्यास शुरू कर दिया है। सोमवार को चिन्यालीसौड़ एयरपोर्ट पर वायुसेना के चार हेलीकॉप्टरों ने सैन्य अभ्यास की शुरुआत की।

प्रशिक्षण में दो एएलएच (एडवांस लाइट हेलीकॉप्टर) और दो एमआई-17 हेलीकॉप्टर शामिल हैं। इन हेलीकॉप्टरों द्वारा लैंडिंग और टेकऑफ का अभ्यास किया गया। इस रात्रि प्रशिक्षण में 14 से 15 पायलट अंधेरे में उड़ान संचालन की विशेष ट्रेनिंग लेंगे। इसके लिए 30 से 35 वायुसेना अधिकारी एवं कर्मचारी चिन्यालीसौड़ पहुंचे हैं।

गौरतलब है कि उत्तरकाशी का चिन्यालीसौड़ एयरपोर्ट भारत-चीन सीमा के निकट स्थित है, जिसके कारण इसे सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। यही वजह है कि भारतीय वायुसेना इसे एडवांस लैंडिंग ग्राउंड (एएलजी) के रूप में विकसित कर रही है। इसका उद्देश्य आपात परिस्थितियों में त्वरित सैन्य कार्रवाई और राहत कार्यों को अंजाम देना है।

दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद हेलीकॉप्टरों का सटीक संचालन वायुसेना की तकनीकी दक्षता और तैयारियों को दर्शाता है। इस अभ्यास से क्षेत्र की सामरिक सुरक्षा को मजबूती मिलेगी और भविष्य में आपदा प्रबंधन व आपात सेवाओं के लिए भी यह हवाई पट्टी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

वायुसेना सूत्रों के अनुसार यह प्रशिक्षण पहले 17 से 26 फरवरी तक प्रस्तावित था, लेकिन खराब मौसम के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। अब औपचारिक रूप से प्रशिक्षण शुरू कर दिया गया है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / चिरंजीव सेमवाल

Powered By Sangraha 9.0