इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के विरोध में शर्टलेस प्रदर्शन के सिलसिले में युवा कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष चिब गिरफ्तार

24 Feb 2026 11:57:53
भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब। फोटो - इंटरनेट मीडिया


नई दिल्ली, 24 फरवरी (हि.स.)। दिल्ली पुलिस ने भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पिछले दिनों भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के 'शर्टलेस प्रोटेस्ट' (बिना शर्ट के विरोध प्रदर्शन) के मामले में की गई है। इस मामले में इससे पहले सात अन्य लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, उदय भानु चिब को एक दिन पहले पूछताछ के लिए तिलक मार्ग थाने में बुलाया गया था। पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उनकी भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर गिरफ्तारी की गई। इस कार्रवाई के बाद अब तक इस प्रकरण में कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले पुलिस ने ग्वालियर से जितेंद्र यादव को दबोचा था। जांच एजेंसियां अब पूरे घटनाक्रम में साजिश के एंगल से भी पड़ताल कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि विरोध प्रदर्शन की पूर्व योजना, इसमें शामिल लोगों की भूमिका और संगठनात्मक स्तर पर की गई तैयारियों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि कार्रवाई उपलब्ध तथ्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है।

इस बीच दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट ने इस पूरे मामले की जांच का जिम्मा दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच के इंटर स्टेट सेल को सौंपा है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि इस मामले में देश के अलग-अलग जगहों के लोग शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Powered By Sangraha 9.0